
बुराड़ी केस में बड़ी कार्रवाई, महिला तांत्रिक को लिया गया हिरासत में...
नई दिल्ली। बुराड़ी केस दिन ब दिन पेंचीदा होता जा रहा है। इस केस में अब तक इतने खुलासे हो चुके हैं कि इसकी गुत्थी उलझती ही जा रही है। हालांकि, क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को इस केस में कार्रवाई करते हुए एक महिला तांत्रिक को हिरासत में लिया है।
क्राइम ब्रांच तांत्रिक गीता माता से कर रही पूछताछ
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने महिला तांत्रिक को बुराड़ी इलाके के करीब हरित विहार से हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, तांत्रिक गीता माता के घर में किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद सामने आया था कि वह न केवल पूरे कांड के तथाकथित मास्टरमाइंड ललित को जानती थी, बल्कि ललित का उसके पास आना-जाना भी था। इतना ही नहीं क्राइम ब्रांच के अनुसार, स्टिंग ऑपरेशन में गीता ने यह भी दावा किया था कि ललित वारदात के दिन उनसे मिलने के लिए आने वाला था।
मौके पर जमी है क्राइम ब्रांच की टीम
इस स्टिंग के बाद क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए गीता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। गौरतलब है कि इस केस में गीता ऐसी पहली पात्र है, जो सामने आया है। इससे पहले शुक्रवार सुबह से ही घटना वाले इलाके में क्राइम ब्रांच ने अपना डेरा डाला हुआ था। टीम में शामिल जांचकर्ताओं ने सबूत जुटाने की कड़ी में लोगों से पूछताछ भी की, वहीं इसके बाद फांसी लगाने के दौरान इस्तेमाल स्टूल को भी सबूत के तौर पर अपने साथ ले गई।
गौरतलब है कि इस केस में अब तक कई चौंकाने वाले खुलासे हो चुके हैं। वहीं, पुलिस को अब तक ऐसे-ऐसे सुराग मिले हैं, जिसने केस की गुत्थी उलझा रखी है। हालांकि, दावा यह किया जा रहा है कि इस वारदात का मास्टरमाइंड ललित और उसकी पत्नी है। फिलहाल, इस पूरे मामले से पर्दा उठना अभी बाकी है।
Published on:
06 Jul 2018 06:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
