
J-K: सुरक्षाबलों ने कुलगाम में 2 आतंकियों को किया ढेर, मुठभेड़ जारी
नई दिल्ली। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच तड़के से जारी मुठभेड़ में पांच आतंकियों को ढेर करने में सफलता मिली है। ये आतंकी केल्लम देवसर गांव में छिपे थे। सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने दहशतगर्दों को चारों ओर से घेर लिया था। इस मामले में दोनों ओर से लगातार फायरिंग में चार में दो आतंकी मारे जा चुके हैं। दो आतंकियों को मार गिराने के लिए सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है।
इनपुट मिलने पर गांव को घेरा
इस मामले में बीती रात सुरक्षाबलों को केल्लम देवसर गांव में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधि के बारे में सूचना मिली। इनपुट के आधार पर सेना के जवानों ने पूरे गांव को चारों ओर से घेर लिया और खोजबीन शुरू की। तलाशी अभियान से बौखलाए आतंकियों ने सेना पर गोलीबारी शुरू कर दी। सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। घंटों से जारी इस मुठभेड़ में अभी तक दो आतंकी मारे गए हैं। जबकि दो को सेना ने घेर रखा है। इन आतंकियों के साथ भी मुठभेड़ जारी है। पुलिस के अधिकारी ने बताया है कि जैसे ही छिपे आतंकियों के चारों ओर घेरे को कड़ा किया गया तो उन्होंने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाई। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
पुलवामा में ढेर हुए थे जैश के 2 आतंकी
आपको बता दें कि एक फरवरी को भी पुलवामा के एक गांव में सुरक्षाबलों के साथ आतंकियों की मुठभेड़ हुई थी जिसमें जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के दो आतंकवादी मारे गए थे। दो आतंकवादियों को द्राबगम में पुलिस और सेना की संयुक्त कार्रवाई में मार गिराया गया था। इस कार्रवाई में राष्ट्रीय राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और राज्य पुलिस के विशेष अभियान समूह ने हिस्सा लिया।
Updated on:
10 Feb 2019, 3:43 PM IST
Published on:
10 Feb 2019, 10:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.