
सावधान: लश्कर-ए-तैयबा की बड़ी धमकी, 20 अक्टूबर और 10 नवंबर को उतर भारत में होगा बड़ा धमाका
नई दिल्ली। एक ओर जहां कश्मीर में आए दिन आतंकी गतिविधि बढ़ती जा रही है। वहीं, दूसरी ओर अब लश्कर-ए-तैयबा ने पत्र लिखकर बड़ी धमकी दी है। कैंट रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर को भेजे गए धमकी भरे पत्र में कहा गया है कि 20 अक्टूबर और 10 नवंबर को उत्तर भारत के कई इलाकों में बड़ा धमाका होगा। इस पत्र के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं।
कई स्टेशनों पर धमाके की धमकी
जानकारी के मुताबिक, अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर बीएस गिल को नियमित डाक के साथ यह धमकी भरा पत्र मिला। उन्होंने इसकी शिकायत रेलवे और पुलिस के आला अधिकारियों को दी। पत्र को भेजने वाले ने स्वयं को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का एरिया कमांडर मौलाना अबु बुखारी बताया है। साथ ही पत्र में कश्मीर के किश्तवाड़ और पाकिस्तान के कराची जिलों का जिक्र है। पत्र भेजने वाले ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के अलावा जगाधरी, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सहारनपुर, मेरठ समेत उत्तर भारत के कई स्टेशनों और अहम ठिकानों को दहलाने की धमकी दी है। इसके अलावा सेना की अहम छावनियों, एयरपोर्ट, रेल पुलों और पेट्रोल पंपों को उड़ाने सहित उत्तर प्रदेश को खून से लाल कर देने की धमकी भी दी गई है। इस संदर्भ में कैंट जीआरपी थाने में धारा 124-ए, 153-ए, 295-ए, 505-ए व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, शिकायत मिलने के बाद कई स्टेशनों पर पेट्रोल पंप आदि जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बढ़ाया गया सुरक्षा व्यवस्था
वहीं, जीआरपी के डीएसपी शीतल सिंह सहित आरपीएफ व जिला पुलिस के अधिकारियों ने स्टेशन पर चेकिंग की। आरपीएफ के डॉग स्क्वायड के अलावा जिला पुलिस के बम निरोधक दस्ते, मेटल डिटेक्टर से स्टेशन पर चेकिंग की गई। शाम को सुरक्षा एजेंसियों ने एक साथ सर्च अभियान चलाया। इस दौरान कमांडो भी बुलाए गए। रेलवे रेस्ट हाउस, वेटिंग हॉल, रिफ्रेशमेंट रूम, यूटीएस काउंटर, विभिन्न प्लेटफार्म, स्टॉल, स्टेशन इन और आउट गेट आदि स्थानों पर चेकिंग की गई।
Updated on:
26 Sept 2018 05:33 pm
Published on:
26 Sept 2018 05:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
