
महाराष्ट्र के ठाणे जिले की भायंदर टाउनशिप में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी की कथित तौर इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसे परोसे गये नाश्ते में नमक अधिक था। पुलिस की तरफ से कहा गया है कि शुक्रवार सुबह भयंदर पूर्व के फाटक रोड इलाके में एक व्यक्ति ने नाश्ते में बनाए गए 'खिचड़ी' में अधिक नमक होने के कारण अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति की पहचान 46 वर्षीय नीलेश घाघ के रूप में हुई है। भायंदर के नवघर पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस की तरफ से बताया गया कि नीलेश घाघ नाम के शख्स ने सुबह 9.30 बजे अपनी पत्नी निर्मला की गला घोंटकर हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल भेजा।
इसी तरह की एक घटना गुरुवार के दिन भी घटी थी, जहां एक नाराज ससुर ने बहु को गोली मार दी थी क्योंकि उसने चाय के साथ नाश्ता नहीं परोसा था। राबोडी इलाके की रहने वाली 42 वर्षीय उस महिला के पेट में गोली लगी थी, उस महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था मगर शुक्रवार की सुबह उसकी मृत्यु हो गई।
यह भी पढ़ें: माता-पिता को नाम का सुझाव देती है ये महिला, बदले में कमाती है करोड़ों रुपये
यह भी पढ़ें: गांजा लेने गया था, डीलर ने पकड़ा दी हरी सब्जी, पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचा शख्स
Published on:
16 Apr 2022, 12:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.