पुलिस का कहना है कि निखिल हांडा ने हत्या के बाद मेरठ फरार होने के दौरान अपनी कार धुलवाई थी, ताकि खून के निशान मिटा सके। हालांकि, फॉरेंसिक टीम ने निखिल हांडा की कार से खून के सात नमूने बरामद किए हैं। मैच करने पर ये नमूने शैलजा के ही पाए गए हैं। इतना ही नहीं निखिल हांडा ने शैलजा का मोबाइल भी तोड़कर डस्टबिन में फेंक दिया था, जिसे दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बरामद कर लिया। पुलिस ने निखिल की कार से शैलजा के बाल भी बरामद किए हैं। गौरतलब है कि गिरफ्तारी के बाद सोमवार को पुलिस ने मेजर निखिल हांडा को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर दिया। इस मामले में नए सबूत मिलने के बाद अब इस हत्याकांड में निखिल के अलावा उसके दो और रिश्तेदार भी शक के घेरे में आ गए हैं। पुलिस ने बताया कि सोमवार को निखिल के चाचा और उसके भाई को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या वाकई इस हत्याकांड में निखिल के अलावा उसके चाचा और उसका भाई भी शामिल है।