Tejashwi Yadav Close Ajay Tiwari Murder Case: बिहार में अपराधियों का हौसला बुलंद है। आलम यह है कि सरकार के कद्दावर मंत्री के नजदीकी की हत्या दिनदहाड़े कर दी गई। मामला लोकतंत्र की जननी के रूप में चर्चित वैशाली जिले से सामने आया है। जहां डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के करीबी की दिनदहाड़े 5 गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। साथ ही बिहार पुलिस के इकबाल पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मृतक अजय तिवारी बिजली विभाग के कर्मचारी थे। साथ ही वो हाजीपुर के केदार चौक पर किराना की दुकान भी चलाते थे। आज सुबह वो अपनी दुकान पर थे, उसी समय बाइक सवार अपराधी आए और उसने सिगरेट मांगी। जैसे ही अजय तिवारी सिगरेट निकालने के लिए झुके बदमाशों ने उन्हें एक गोली मार दी। इसके बाद फिर लौटकर आए और चार गोलियां और मार दी। इससे दुकान में अजय तिवारी की मौत हो गई।