
दमोह. देहात थाना पुलिस ने चार दिन पहले दमयंतीनगर की पहाड़ी पर मिले अज्ञात युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक का सगा भाई ही इस हत्या का मास्टरमाइंड निकला। उसने अपने भाई को 13 लाख की बीमा राशि हड़पने के लिए मौत के घाट उतारने की साजिश रची थी, और इसके लिए अपने दो साथियों को भी रकम में हिस्सेदारी का लालच देकर शामिल कर लिया।
हत्या की साजिश का पर्दाफाश
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि 23 जून 2025 को दमोह देहात थाना क्षेत्र के दमयंतीनगर की पहाड़ी पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पर मर्ग क्रमांक 447/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शव की पहचान दयाराम लोधी पिता कुद्दूलाल लोधी उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम रीछी थाना सिमरिया जिला पन्ना के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार
इस गंभीर हत्याकांड के खुलासे के लिए टीआई रचना मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्य के आधार पर आरोपियों को पन्ना जिले से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रविकरन उर्फ रूपलाल बेड़िया 38 निवासी ग्राम खेरी, थाना सिमरिया, सियाराम लोधी 26, मृतक का सगा भाई, निवासी ग्राम रीछी, सोनू उर्फ छोटू बेड़िया 32 निवासी ग्राम खैरी थाना सिमरिया शामिल हैं।
13 लाख की बीमा राशि बनी मौत की वजह
टीआई रचना मिश्रा ने बताया कि विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि सियाराम लोधी ने अपने भाई दयाराम की 13 लाख की बीमा राशि हड़पने के लिए सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची। उसने अपने साथी रविकरन और सोनू को यह कहकर तैयार किया कि उन्हें भी बीमा की राशि में हिस्सा मिलेगा।
साजिश के तहत तीनों ने दयाराम को बहला फुसलाकर दमोह लाए। फिर शराब पिलाकर दमयंतीनगर की सुनसान पहाड़ी पर ले जाकर गला रेतकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद शव को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
Updated on:
26 Jun 2025 06:45 pm
Published on:
26 Jun 2025 06:45 pm
बड़ी खबरें
View Allदमोह
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
