
इस अधिकारी के भी उड़ गए होश, जब पड़ोसियों ने फोन पर बताई चौकाने वाली यह बात
दंतेवाड़ा . कोतवाली क्षेत्र के सुरभी कॉलोनी में रहने वाले नागरिक आपूर्ति निगम के सहप्रबंधक एलची पैकरा के घर में चोरों ने लाखों रुपये के चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि होली की छुट्टी में अपने गृह जिला रायगढ़ गए थे। पड़ोसियों ने रविवार को फोन कर बताया कि घर के दरवाजे के कुंडे कटे हुए हैं। पूरा घर अस्त-व्यस्त है। आनन-फानन में आए। यहां आ कर देखा तो बैग से करीब साढ़े तीन लाख रुपये की ज्वैलरी पार थी।
...इसलिए चोर कॉलोनी को आसानी से कर रहे टारगेट
कोतवाली पुलिस को आवेदन दिया है। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी पहुंचे। मौका मुआयना किया। हालांकि चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि पुलिस को कभी गश्ती करते यहां नहीं देखा है। इसलिए चोर भी कॉलोनी को आसानी से टारगेट कर रहे हैं। पुलिस की गश्ती पर सवाल शहर के लोग खड़े करने लगे हैं। लोगों का यह भी कहना है कि माओवाद छोड़ कर सामान्य अपराध की ओर पुलिस ध्यान ही नहीं देती है। अभी तक हुई चोरियों में पुलिस 70 प्रतिशत मामलों में खुलासा नहीं कर सकी है। इस मामले में भी पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर जांच करने की बात कह रही है।
स्नीफर डॉग भी हुआ फेल
पुलिस का खोजी कुत्ता भी सुराग ढूंढने में फेल हो गया। वह 200 कदम दूरी तक जाने के बाद वापस लौट आया। खोजी कुत्ता एक घर के पीछे गया और वहां नाली में बार-बार सूंघ रहा था। स्नीफर डॉग के ट्रेनर का कहना है कि चोरों ने चोरी के माल को यहीं छिपाया होगा। हालांकि उस नाली को खोदने के बाद भी कोई ऐसा सुराग नहीं लगा, जिससे यह कहा जा सके की स्नीफर डॉग सही दिशा में गया था।
पिछले दो वर्ष में चोरी की बड़ी घटना
गीदम बैंक को चोरों ने दो बार निशाना बनाया, एक भी बार चोर तक नहीं पहुंचे। मांई जी के मंदिर से भी चोरों ने माल पार किया, लाखों रुपये के जेवरात ले गए। नतीजा सिफर। मंदिर से मूर्तियां गायब हो गई। पुलिस आज तक पड़ताल करने का दावा करती आ रही है।
Published on:
6 Mar 2018, 7:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.