दौसा. लवाण कस्बे में रविवार दोपहर में बस व कार की टक्कर में बस सवार 13 जने घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। जहां से छह जनों को जयपुर रैफर कर दिया। बस में करीब करीब बीस जने सवार थे।
पुलिस के अनुसार बस दौसा से चाकसू जा रही थी। आगे एक कार चल रही थी। ओवरटेक करने के चक्कर में बस ने कार के पीछे से टक्कर मार दी। तेज गति के चलते बस के टायर फट गए और कार को घसीटते हुए आगे तक ले गई और बस खाई में जा गिरी। बस का आगे का हिस्सा वापस दौसा की तरफ ही हो गया। हादसा होने के बाद सड़क पर चीख पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। फंसी सवारियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
लवाण थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में बस में सवार चन्द्रप्रकाश, शिमला, अलीसा, संजय, भूराराम, बरदू, रेशमा, रेशला, अनुणा शर्मा, सम्पत शर्मा, संजय बैरवा, अमरसिंह और ओमप्रकाश दर्जी घायल हो गए। जिनमें से गम्भीर घायल चन्द्रप्रकाश, शिमला, बरदू, सम्पत, ओमप्रकाश व कु.अलीसा को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि कार व बस को थाने पर जब्त कर लिया है। मौके पर भीड़ अधिक होने से पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि खाई में गिरी बस वहां लगे खम्भे से टकराने से बस बच गई, वरना बड़ा हादसा हो जाता।
मोबाइल टॉर्च से इलाज: हादसे के बाद सीएचसी में भीड़ जमा हो गई, लेकिन बिजली के नहीं आने से ग्रामीणों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर इलाज करवाने में भागीदारी निभाई।
अणतपुरा रोड पर कार व बाइक भिड़ी: कस्बे में अणतपुरा रोड पर आगे चल रही बाइक के कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गम्भीर घायल हो गया पुलिस ने कार को जब्त करके बाइक सवार का इलाज कराया।