दौसा . राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-21 पर संवास पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को पीछे से लोक परिवहन बस ने टक्कर मार दी। इससे बस चालक सहित एक दर्जन से अधिक सवारियां घायल हो गई।
सूचना पर पहुंची मानपुर पुलिस ने घायलों को सिकराय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग संंवास पेट्रोल पंंप के समीप सड़क किनारे एक ट्रेलर खड़ा हुआ था। तभी महुवा की ओर से आ रही लोक परिवहन बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए और अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर में जा घुसी। इससे एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर सवारियों की चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों व राहगीरों ने सवारियों को बस से बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिकराय समुदाय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से तीन लोगों की गंभीरावस्था को देखते हुए जिला अस्पताल रैफर कर दिया।
यह हुए घायल :
दुर्घटना में बस चालक महेश शर्मा, यात्री विजय अग्रवाल, गुड्डी देवी, सोनू बैरवा, महेश शर्मा, अजयप्रताप सिंह सहित 15 सवारी घायल हो गई। जिसमें सोनू बैरवा, महेश शर्मा व अजयप्रताप सिंह की गंभीरावस्था को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रैफर कर दिया।