दुर्घटना में दम्पती घायल, जेवरात गायब
दौसा. शहर के लालसोट रोड पर सिनेमा हॉल के सामने कार की टक्कर से पति-पत्नी घायल हो गए। हादसे के दौरान दम्पती के पास मौजूद जेवरात गायब हो गए। इस संबंध में पीडि़त ने कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया।
जड़ाव फाटक स्थित प्रकाश नगर निवासी सोनू महावर ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी सुनीता के साथ आभूषण की दुकान से बहन की शादी के लिए एक जोड़ी पायजेब व दो चांदी की चेन लेकर आ रहे थे। सिनेमा हॉल के समीप एक कार ने टक्कर मार दी। मौके पर भीड़ जमा हो गई तथा उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में 22 हजार 589 कीमत के आभूषण गायब होने का पता लगा। इस पर पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया।