
बांदीकुई. ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से शहर में व्याप्त पानी-बिजली की समस्या के स्थाई समाधान की मांग को लेकर जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर एसडीओ कार्यालय परिसर में ही कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और प्रशाासन के खिलाफ नारे लगाए। बाद में एसडीओ ने तीन दिवस में व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिलाकर मामला शांत किया।
इससे पहले गांधी पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें कांग्रेस प्रदेश महासचिव गजराज खटाना ने कहा कि शहर में लोगों को 7 से 10 दिन में एक बार पानी मिल रहा है। यह पानी भी फ्लोराइडयुक्त एवं खारा होने के कारण लोग बीमारियों की जकड़ में आ रहे हैं। जबकि लीकेजों से दिनभर पानी व्यर्थ बह रहा है। सप्लाई का भी कोई समय तय नहीं है। महिलाओं को पानी के लिए रतजगा करना पड़ रहा है। टैंकर भी मात्र कागजों ही संचालित हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन का जनता की समस्याओं के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं है।
पूर्व मंत्री रामकिशोर सैनी ने कहा कि बिजली की आंख मिचौनी हो रही है। बिजली कटौती के कारण फसल सिंचाई का संकट बना हुआ है। नियत समय पर ट्रांसफार्मर नहीं मिलने से लोगों को निगम कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। लोगों को वीसीआर भरने के नाम पर परेशान किया जा रहा है। कांग्रेसी नेता विनोद शर्मा ने कहा कि शहर की आबादी के हिसाब से मांग का 25 फीसदी भी पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में नए जलस्रोत का निर्माण कर लोगों को पानी मुहैया कराया जाए।
ब्लॉक अध्यक्ष पूरणमल शर्मा ने कहा कि जब सर्दियों के दिनों में ही पानी सप्लाई बिगड़ी हुई है तो गर्मियों में स्थिति अधिक विकट हो जाएगी।जलदाय विभाग ने तीन दिवस में सप्लाई नहीं सुधारी तो मजबूर आन्दोलन को उग्र किया जाएगा। इसके बाद सभी कांग्रेसी जुलूस के रूप में आगरा फाटक, स्टेशन रोड एवं बसवा रोड होते हुए एसडीओ कार्यालय पहुंचे। जहां करीब आधा घण्टे तक प्रशासन के खिलाफ नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीओ कार्यालय परिसर में ही अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। जहां एसडीओ चिम्मनलाल ने पानी सप्लाई की प्रभावी मॉनिटरिंग करने एवं तीन दिवस में अपेक्षित कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाकर मामला शांत किया।
इस मौके पर नगरपालिका चेयरमैन लक्ष्मी जायसवाल, प्रधान सीमा देवी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामकिशन बैरवा, यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव चतरसिंह बासड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष नादानसिंह मीणा, पं.अम्बिकेश्वर शर्मा, जिला महासाचिव शेषावतार शर्मा, दिलीप माल, जिला परिषद सदस्य महेश सैनी, पार्षद रतनसिंह माल, बनवारीलाल बैरवा, दिनेश जांगिड़, आईटी सैल जिला संयोजक नरेन्द्र बैंसला, मुनीर खां, प्रदेश सचिव अरविंद पीलवाल, पर्यावरण प्रकोष्ठ सचिव गौरव खण्डेलवाल, शारदा चेची, गिरीश शर्मा, ऋषि फहतपुरिया, अशोक काठ एवं पंचायत समिति सदस्य अनिल खटाना ने भी विरोध जताया।
बांदीकुई से जोड़ा जाए तीनों पंचायतों को
पूर्व मंत्री रामकिशोर सैनी ने कहा कि ग्राम पंचायत गोलाड़ा, पूंदरपाड़ा एवं निहालपुरा को राजनीतिक साजिश के तहत बसवा तहसील से हटाकर मण्डावर तहसील में जोड़ दिया गया है। जबकि इन पंचायतों से बसवा की दूरी 18 एवं मण्डावर की दूरी 40 किलोमीटर है। इन तीनों पंचायतों के लोगों की आवाजाही भी बांदीकुई से है। ऐसे में इन तीनों पंचायतों को मण्डावर से हटाकर पुन: बसवा तहसील से ही जोड़ा जाए। इस दौरान ज्ञापन सौँपने वालों में पूर्व जिला प्रमुख विनोद शर्मा, रामसिंह पूंदरपाड़ा, गोपाल जांगिड़, प्रभुदयाल एवं इन्द्राज मीणा शामिल थे।
Published on:
22 Dec 2017 08:51 am
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
