
नाकाबंदी तोड़ भाग रहे अपराधी को दबोचा, पांच कारतूस जब्त
लालसोट. लालसोट थाना पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे अपराधी को दबोचकर उसके पास से पांच जिंदा कारतूस बरामद किए। लालसोट थाना प्रभारी राजेन्द्र मीना ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी मीठालाल मीना निवासी मिर्जापुरा चुराईपिकअप लेकर लालसोट से दौसा की ओर जा रहा है। सूचना मिलने पर एसआई दिलीपकुमार, एएसआई मानसिंह, हैड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल बनवारी, अमरसिंह व लहरीराम के दल ने घाटा बालाजी के पास नाकाबंदी कर दी।
रात करीब साढ़े नौ बजे पिकअप को पुलिस दल ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने भगाने का प्रयास किया। कुछ ही दूर गाड़ी को बंद कर दो जने कूद कर घाटे के नाले की ओर भागने लगे। पुलिस ने इस दौरान मीठालाल मीना का पीछा कर पकड़ लिया।चेतन मीना निवासी नादौती जिला करौली भागने में सफल हो गया। पुलिस ने मीठालाल के पास से 12 बोर के पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए। थाना प्रभारी ने बताया कि मीठालाल के खिलाफ आम्र्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
कई वारदातों को दे चुका है अंजाम
पुलिस के अनुसार मीठालाल एक आदतन अपराधी है और साथियों की मदद से अब तक नकबजनी की दौसा, जयपुर व करौली समेत कई जिलों में 7 वारदातों को अंजाम दे चुका है। पिकअप को चेतन मीना व गंगापुर सिटी निवासी पिंटू मीना के साथ मिलकर चुराई थी। गत दिनों डिडवाना गांव स्थित मोबाइल टावरों से भी बैटरी चुराकर इसी वाहन से ले गए थे।
जेल में रहकर बनाई योजना, पांच माह माह पूर्व ही बाहर आया
थाना प्रभारी के अनुसार मीठालाल करीब डेढ़ साल जेल में रह कर पांच माह माह पूर्व ही बाहर आया। और उसने जेल में ही अपने साथी चेतन के साथ मिलकर लूट की कई योजना बनाई। बाहर आने के बाद वे योजनाओं पर अमल कर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। (नि.प्र.)
Published on:
26 Jul 2018 08:09 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
