राजस्थान के दौसा जिले के महुवा कस्बे में करीब चार सौ वर्ष पहले बनाया गया प्राचीन किला देखरेख व प्रशासन की उदासीनता के चलते खंडहर में तब्दील हो चुका हो, लेकिन लोगों का आज भी मानना है कि इस किले की रखवाली एक नाग-नागिन का जोड़ा कर रहा है। लोगों के अनुसार, करीब चार सौ वर्ष पूर्व कुशवाह वंश के राजा राजसिंह ने किले का निर्माण करवाया था। भरतपुर की सीमा पर स्थित होने के कारण जयपुर दरबार के लिए महुवा का किला अत्यंत महत्वपूर्ण हुआ करता था। जहां भरतपुर की ओर से होने वाले आक्रमण में सबसे पहले मोर्चा महुवा किलेदार को ही सम्भालना पड़ता था, लेकिन एक बार जयपुर दरबारी सवारी और गंगा स्नान के लिए जा रही थी। इस दौरान किलेदार द्वारा समय पर उनकी अगुवाई में नहीं पहुंचने पर जयपुर दरबार ने किलेदार से सारे अधिकार छीन लिए थे। हालांकि इन अधिकारों को कुछ समय बाद पुन: लौटा दिया गया था।