चाची की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
महुवा. कमालपुर ग्राम पंचायत के दूल्हापुरा गांव में तीन दिन पूर्व भतीजे द्वारा बंदूक से फायरिंग कर चाची की हत्या कर देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नाहर सिंह बैरवा निवासी दूल्हा पुरा को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार है। थाना अधिकारी कृष्ण कुमार धनखड़ ने बताया कि रविवार शाम को दूल्हापूरा गांव निवासी केसर देवी पत्नी काडू राम बैरवा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसे लेकर मृतका के पति ने मामला दर्ज कराया था। इसके बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस द्वारा हैड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल बृजेश, दिनेश तथा डीएसटी टीम के प्रभारी अजीत सिंह व कांस्टेबल धर्मराज चौधरी, बालकेश गुर्जर और पन्नालाल के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी नाहर सिंह को मेहंदीपुर बालाजी मोड़ से आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि रविवार शाम को दो भाइयों के बीच खेत की मेड पर घास काटने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग के दौरान भतीजे ने अपनी चाची की हत्या कर दी थी।