
नांगल राजावतान. मौके पर जमा ग्रामीण ।
दौसा. नांगल राजावतान थानान्तर्गत चूडियावास गांव में उदयपुरिया रोड पर रविवार शाम डम्पर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर धरना देकर कम्पनी के डम्परों की हवा निकाल दी व मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे। प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बनने पर कुछ लोगों ने पत्थरों से डम्पर के शीशे तोड़ दिए। भीड़ को उग्र होता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ दिया।
थानाधिकारी बनवारीलाल मीना ने बताया कि दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस हाइवे निर्माण कम्पनी के डम्पर की टक्कर से बाइक सवार हेमन्तकुमार राणा (24) पुत्र मोहनलाल निवासी जीवाला श्यालावास गंभीर घायल हो गया। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस 108 से जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। इधर, युवक की मौत की सूचना लगते हुए भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। धरना देकर करीब 20 लाख मुआवजा, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत व कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना स्थल पर पहुंचे उपखण्ड अधिकारी बृजेन्द्र मीना, सीओ शंकरलाल ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मुआवजे की मांग पर सहमति नहीं बनी। इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने डम्परों पर पत्थर फेंककर शीशे तोड दिए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। भागते हुए कुछ ग्रामीणों ने पुलिस दल पर भी पत्थर फेंके, गनीमत यह रही कि किसी के चोट नहीं लगी। सूचना पर एडीएम आरके मीना व एएसपी लालचंद कायल भी मौके पर पहुंचे और फैलीराम मीना, मुकेश ठीकरिया सहित अन्य ग्रामीणों से पोस्टमार्टम कराने के लिए वार्ता शुरू की।
झूठी निकली कार चोरी की सूचना, दो भाई गिरफ्तार
लालसोट. रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुरा गांव से शनिवार को दिन दहाड़े कार चोरी का मामला झूठा निकला है।
रामगढ़ पचवारा थाना प्रभारी सुभाष शर्मा ने बताया कि शनिवार को मोहम्मदपुरा निवासी राकेश मीना ने उसकी कार चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। जिले में नाकाबंदी कर करीब आधा घंटे बाद मंडावरी पुलिस ने बिनोरी मोड़ के पास पीछा कर कार को जब्त कर लिया। नाकाबंदी को देखकर बाइक पर बैठ भागने वाले विकास उर्फ विक्रम गुर्जर को पुलिस ने पकड़ लिया।
जिसने बताया कि यह कार उनकी ही है, उसके पास गाड़ी के कागजात नही थे औैर वह पुलिस की नाकाबंदी को देखकर डर के चलते कार छोड़कर भाग गया। इसके बाद विक्रम को रामगढ़ पचवारा थाने पर ले आए और कार चोरी की सूचना देने वाले राकेश गुर्जर को थाने पर बुलाया। जहां पूछताछ में पुलिस को पता चला कि राकेश व विक्रम दोनों भाई है। रक्षा बंधन के मौके पर बहन को लेने के लिए कार ले जाने की बात को लेकर घर पर भाइयों के बीच झगड़ा व धक्का मुक्की भी हो चुकी है और इसके बाद ही विक्रम घर से कार लेकर रवाना हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया कि थाने में भी दोनों भाई आपस में झगड़ा करने पर उतारू हो गए। इस पर पुलिस ने दोनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
23 Aug 2021 09:51 am
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
