
लालसोट थूणियाधिराजपुरा गांव में आग लगने की घटना के दौरान जलते छप्परपोश व टीन शैड।
दौसा. लालसोट उपखण्ड की सवांसा ग्राम पंचायत के गांव थूणियाधिराजपुरा की मालदेघा की ढाणी में अज्ञात कारणों से आग लगने की एक घटना मे आधा दर्जन छप्परपोश व टीनशैड जलकर खाक हो गए। आग में एक लाख की नकदी, जेवरात, अनाज व लाखों रुपए का सामान जल कर राख हो गया।
सरपंच ममता मीना व समाजसेवी हंसराज मीना ने बताया कि बिरदीचंद मीना पुत्र श्रीनारायण मीना के कच्चे छप्परपोश में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग पर ग्रामीणों ने काबू पाने का भरकस प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके ।
इसके चलते आग में एक लाख की नकदी, जेवरात, एक बाइक, आठ बोरी चना, आठ बोरी गेहंू, दो बोरी तिल, दो बोरी तारामीरा, एक बोरी आटा, आधा दर्जन चारपाई, दस फंव्वारा सेट, पाइप, केबल व स्टार्टर जलकर राख हो गए। इसके अलावा लाखों के घरेलू सामान भी जल गया। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची लालसोट पालिका की दमकल ने आग पर काबू पाया।
कुएं में गिरे नंदी को निकाला बाहर
गीजगढ़. बहरावण्डा-कालाखों अम्बाड़ी सडक़ मार्ग पर गढ़ोरा पंचायत में खुले कुएं में एक नंदी गिर गया। जिसे ग्रामीणों ने क्रेन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाला। ग्राम पंचायत गढ़ोरा के बीचलाराम ढाणी में सड़क के समीप खुला कूप दुर्घटना को न्योता दे रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि खुले कुएं में एक नंदी गिर गया। जिसको निकालने के लिए लोगों ने जान जोखिम में डाल कुएं में उतरकर रस्से से सांड को बांध कर क्रेन की सहायता से ऊपर खींचा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन स्थानीय प्रशासन की ओर से एक भी जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसको लेकर ग्रामीणों ने रोष जताया।
अच्छी पहल... कन्याओं की शादी के लिए जुटाई राशि
गीजगढ़. ग्राम पंचायत जयसिंगपुरा के जगसहायपुरा गांव में एक वृद्धा रामली देवी को सरपंच मीना चौधरी व अन्य ग्रामीणों ने पोतियो की शादी के लिए कन्यादान के रूप में 1 लाख 42 हजार रुपए नकद व अन्य सामान भेंट किए। समाजसेवी राकेश चौधरी ने बताया कि जगसहायपूरा गांव में 11 दिसम्बर को एक वृद्ध दादी अपनी दो पोतियों की शादी कर रही है। इन बच्चियों के माता पिता की कुछ वर्ष पूर्व ही मौत हो जाने से परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई और शादी के लिए भी रुपए नहीं थे। इसके चलते भामाशाह, समाजसेवी व जनप्रतिनिधियों ने आगे आकर कन्याओं की शादी के लिए 1 लाख 42 हजार की रुपए नकद राशि व 100 किलो आटा जुटाया। इस दौरान शिवजी घूमना, ओमप्रकाश टीलावाला, राकेश आदि मौजूद थे।
Published on:
11 Dec 2020 03:02 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
