दौसा. सिकंदरा कस्बे के समीप एक ढाणी में शनिवार देर शाम प्रेम प्रसंग के चलते नाबालिग की बलात्कार के बाद गला घोट कर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को घटना के 22 घंटे बाद रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी राजपाल यादव ने बताया कि नाबालिग शनिवार शाम मकान के समीप खेत में शौच के लिए गई थी। इसी बीच उसका प्रेमी मदनलाल सैनी आ गया। नाबालिग द्वारा आरोपी से प्रेम नहीं करने तथा किसी अन्य लड़के से प्रेम होने का अंदेशा होने की बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। परेशान करने पर नाबालिग ने प्रेमी को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए प्रेमी ने नाबालिग के साथ बलात्कार कर उसके गले में लटके स्टॉल (कपड़े) से गला घोट कर हत्या कर दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। परिजनों ने नाबालिग को सिकंदरा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सिकंदरा से गिरफ्तार कर लिया। युवती के पिता ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार के बाद बेटी की हत्या का मामला दर्ज कराया है।