6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब छात्राओंं को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने पर होगा विचार- परसादी

कन्या महाविद्यालय में 30 छात्राओंं को स्कूटी का वितरण

2 min read
Google source verification
अब छात्राओंं को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने पर होगा विचार- परसादी

लालसोट के राजकीय कन्या महाविद्यालय छात्रा को स्कूटी की चाबी प्रदान करते उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना।

लालसोट (दौसा). प्रदेश के उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महाविद्यालय स्तर पर विभिन्न योजनाओं के तहत प्रतिभावान छात्राओं को स्कूटी देने की योजनाओं के तहत अगले साल से छात्राओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने पर विचार किया जाएगा। उद्योग मंत्री ने यह बात गुरुवार को शहर के श्यामपुरा कलां रोड पर स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को स्कूटी वितरण कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि यह बात सही है कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते डीजल-पेट्रोल के दाम आसमान पहुंच गए हैं। ऐसे में नि:शुल्क स्कूटी प्राप्त करने के बाद इनका उपयोग करना काफी महंगा साबित होगा। इससे छात्राओं को राहत देने के लिए राज्य सरकार द्वारा आगामी सत्र से इनके स्थान पर इलैक्ट्रीक स्कूटी देने पर विचार किया जाएगा, इसके लिए वे मुख्यमंत्री से भी बात करेंंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बालिका शिक्षा को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत रामगढ़ पचवारा में कन्या महाविद्यालय खोला जा चुका है और भवन निर्माण के लिए छह करोड़ की राशि भी स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कन्या महाविद्यालय को पीजी स्तर तक क्रमोन्नत किया जाएगा और प्रथम वर्ष में सीटें बढ़ाने एवं अंग्रेजी के प्राध्यापक की नियुक्ति का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री ने काली बाई भील योजना एवं देवनारायण स्कूटी योजना के तहत 30 छात्राओंं को स्कूटी प्रदान की। स्कूटी पाने के बाद छात्राओं व उनके परिजन भी काफी खुश नजर आए। प्राचार्य डॉ. आरके सिंह परमार ने खेल मैदान को विकसित करनेे की मांंग की। प्रधान नाथूलाल मीना ने महाविद्यालय में छात्राओं के लिए वाटर कूलर भी लगाने की घोषणा की।

स्वच्छता व बालिका शिक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध: भूपेश
सिकंदरा. महिला एवं बाल विकास विभाग राज्य मंत्री ममता भूपेश ने गुरुवार को सिकंदरा राजकीय कन्या महाविद्यालय में स्कूटी वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान देवनारायण योजना एवं कालीबाई योजना के तहत आधा दर्जन से अधिक छात्राओं को स्कूटी वितरित की गई। भूपेश ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सिकंदरा कन्या महाविद्यालय खुलने से आसपास के ग्रामीण इलाके की छात्राओं को उच्च शिक्षा का लाभ मिल रहा है। यहां जल्द ही कृषि संकाय खुलवाया जाकर भवन निर्माण भी करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले 19 नवंबर को उड़ान योजना की शुरुआत कर प्रदेश में बालिकाओं को स्वच्छता के लिए निशुल्क सेनेटरी पैड वितरित करेंगी। जिससे बालिकाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता आएगी। जिला प्रमुख हीरालाल सैनी, सिकंदरा पंचायत समिति प्रधान सुल्तान बैरवा, प्रधान केसंता कसाना सहित अन्य लोग मौजूद थे।