
पटवार परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न, पहले उतारे गहने व दुपट्टे, फि र दिया प्रवेश
दौसा. जिले में पटवार भर्ती परीक्षा के पहले दिन शनिवार को परीक्षार्थियों की गहनता से जांच के बाद परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश दिया गया। परीक्षा देने आई महिलाओं के गहने व दुपट्टे उतरवाए गए तो पुरुष परीक्षार्थियों की भी कड़ी जांच की गई। जिला मुख्यालय पर शनिवार को 31 परीक्षा केन्द्रों पर 21840 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इधर जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों ने परीक्षा में पूर्ण सावधानी बरती। वहीं सुबह से शाम तक इंटरनेट बंद रहने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि गत रीट परीक्षा में चप्पल में डिवाइस मिलने से पटवार परीक्षा में पूरी जांच परख कड़ी की गई, ताकि नकल की गुंजाइश ना रहे।
परीक्षा समन्वयक अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट आरके मीना ने बताया कि जिला मुख्यालय पर 31 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। इनमें 21 हजार 480 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। रविवार को भी इतने ही परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इधर, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनिवाल, एएसपी लालचंद कयाल, पुलिस उपाधीक्षक डॉ. दीपक शर्मा व कोतवाली थाना प्रभारी लालसिंह यादव सहित कई पुलिस अधिकारी व कर्मचारी परीक्षा में ड्य़ूटी में तैनात देखे गए।
महिलाओं की संख्या अधिक रही
जिला मुख्यालय पर आयोजित पटवार भर्ती परीक्षा में शनिवार को अधिकांश परीक्षार्थी महिलाओं को देखा गया। यानि पुरुष परीक्षार्थियों के बजाय महिला परीक्षार्थियों की संख्या अधिक देखी गई। हालांकि इनमें अधिकांश परीक्षार्थी दौसा जिले की ही थी। जबकि जयपुर, सवाईमाधोपुर, करौली जिलों से भी परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा समन्वयक ने बताया कि रविवार को करवा चौथ होने की वजह से शनिवार को महिला परीक्षार्थियों को अधिक शामिल किया गया।
वाहन पड़े कम, सड़कों पर बढ़ी भीड़
पटवार भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए परीक्षार्थियों की संख्या के कारण अधिकांश वाहनों में जगह नहीं मिली। त्योहारी सीजन के कारण वैसे ही वाहनों में भीड़ बढऩा शुरू हो गया है और शनिवार को पटवार परीक्षा के कारण वाहनों में खासी भीड़ देखने को मिली। हालांकि शुक्रवार शाम को भी शहर में दूसरे जिलों से परीक्षार्थियों का आना शुरू हो गया था। शहर के रैन बसेरे, रेलवे स्टैण्ड व होटलों में परीक्षार्थी ठहरे।
Updated on:
23 Oct 2021 08:18 pm
Published on:
23 Oct 2021 07:10 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
