सिकंदरा (दौसा). अगर आप सिकंदरा चौराहे पर जा रहे हैं तो सावधान हो जाएं, क्योंकि सिकंदरा चौराहे पर बस में चढ़ते व बाजार में घूमते हुए आपकी जेब भी कट सकती है। यह हम नहीं कह रहे हैं ? बल्कि पिछले एक माह में सिकंदरा चौराहे पर जेब कटने की हुई घटनाएं बता रही है कि सिकंदरा चौराहे पर आमजन की जेब पर किस तरह जेबकतरा गिरोह हाथ साफ कर रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन मौन साधे हुए है। पुलिस अभी तक किसी भी गिरोह के किसी भी सदस्य की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।
पिछले एक-दो माह से सिकंदरा चौराहे पर जयपुर रोड बस स्टैंड, बांदीकुई रोड, महुवा रोड बस स्टैंड पर यात्रियों के बसों में चढ़ते समय जेब कटने की घटनाएं अधिक हो रही है। 1 नवंबर को सीआरपीएफ के जवान सुनील राजपूत का बस में चढ़ते समय किसी ने नोटो से भरा पर्स पार कर लिया। पर्स में करीब 10 हजार रुपए, सेना का पहचान पत्र व दस्तावेज थे। इसके कुछ दिन बाद ही जयपुर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने जा रही छात्रा का 5000 रुपए से भरा पर्स पार कर लिया। छात्रा को गिरधरपुरा टोल पर बस पहुंचने पर टिकट के लिए रुपए निकालने के समय पर्स चोरी होने का पता लगा। इसके बाद एक महिला का पर्स चोरी कर लिया तथा शनिवार को डोलिका निवासी एक जने का 5000 रुपए से भरा पर्स चुरा लिया। युवक ने पुलिस कर्मियों को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके से एक नाबालिग को संदिग्धावस्था में पकड़ कर थाने ले गई। पुलिस ने बताया कि नाबालिग को पूछताछ के बाद छोड़ दिया है।