
दौसा.बांदीकुई. उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक टीपी सिंह सोमवार को जयपुर-अलवर खण्ड का निरीक्षण करेंगे। इसे लेकर पूरा रेलवे महकमा रेल लाइन से लेकर स्टेशन तक की सूरत बदलने में जुटा हुआ है। दौसा, बांदीकुई सहित अन्य स्टेशनों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। रविवार को वरिष्ठ मण्डल वाणिज्यक प्रबंधक डॉ. राकेश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया।
रेल सूत्रों के अनुसार जीएम स्पेशल टे्रन से सीधे सुबह 9.40 बजे अलवर पहुंचेंगे। वहां से राजगढ़ होते हुए दोपहर 12.30 बजे बांदीकुई स्टेशन एवं परिसर का अवलोकन करेंगे। इसके बाद कोलवा एलसी नम्बर 166 पर ब्रिज तथा दोपहर 3.10 बजे से दौसा स्टेशन एवं कॉलोनी का निरीक्षण करेंगे। जीएम के दौरे के चलते सीनियर सैक्शन इंजीनियर जगदीशप्रसाद मीना, मनीष शर्मा, विष्णु तुलारा सहित अन्य अधिकारी दिनभर सौन्दर्यीकरण के कार्यों को कराने में लगे रहे।
कई माह से चल रहे निर्माण एवं अन्य कार्यों को पूरा कराया गया। दौसा में करीब 40 लाख रुपए की लागत का अधिकारी विश्राम गृह का निर्माण 87 दिन में पूरा कराया गया। स्टेशनों पर आकर्षक चित्रकारी, रात्रि प्रकाश के लिए एलईडी, डिस्पले बोर्ड, पेयजल, रंग-रोगन, डस्टबिन लगाने, टे्रक की मेन्टीनेन्स आदि कार्य कराए हैं।
रंगोली आकर्षण का केन्द्र
दौसा स्टेशन पर टे्रक पर बनाई गई रंगोली व स्टेशन पर चित्रकारी यात्रियों के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। प्लेटफार्म नम्बर दो पर दिव्यांगों के लिए शौचालय का निर्माण कराया है। फुट ओवरब्रिज पर रेलिंग लगाई है। बांदीकुई में प्लेटफार्म के किनारों पर उभार युक्त कोपिंग लगाई है। ताकि यात्रियों को टे्रन का पता लग सके।
ठहरने की सुविधा मिलेगी
बांदीकुई में बनाए गए विश्रामालय एवं बाल उद्यान का लोकार्पण जीएम करेंगे। विश्रामालय में कमरा दो दिन के लिए ही बुक हो सकेगा। बुकिंग ऑनलाइन ही होगी। रेलवे कॉलोनी में सड़कों का डामरीकरण कर संकेतक लगाए हैं।
आमजन में भी उत्साह
जीएम के दौरे के दौरान रेलवे स्टेशन पर विकास कार्य होने से लोगों में उत्सा है। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि समस्याओं के समाधान एवं यात्री टे्रनों के ठहराव की मांग भी जीएम से करेंगे।
Published on:
5 Mar 2018, 8:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.