6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दौसा में 107 केन्द्रों पर होगी रीट परीक्षा, 26 को दिनभर बंद रहेगा इंटरनेट

प्रत्येक पारी में 38 हजार 719 परीक्षार्थी, सीसीटीवी कैमरे से रहेगी नजर  

2 min read
Google source verification

दौसा

image

Mahesh Jain

Sep 25, 2021

दौसा में 107 केन्द्रों पर होगी रीट परीक्षा आज, दिनभर बंद रहेगा इंटरनेट

दौसा में 107 केन्द्रों पर होगी रीट परीक्षा, 26 को दिनभर बंद रहेगा इंटरनेट

दौसा. राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) जिले में रविवार को 107 केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दो पारियों में होगी। प्रत्येक पारी में 38 हजार 719 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन व पुलिस विभाग अलर्ट है। नकल रोकने के लिए केन्द्रों पर परिसर से लेकर कक्ष तक सभी जगह सीसीटीवी लगाए गए हैं। अधिकारी परीक्षा को लाइव देख सकेंगे। इधर, परीक्षा के चलते रविवार सुबह 6 से शाम 6 बजे तक जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।

संभागीय आयुक्त दिनेश कुमार यादव ने बताया कि परीक्षाकाल के दौरान इंटरनेट के माध्यम से फेक न्यूज, दुर्घटनाओं व पेपर लीक की अफवाहों आदि से कानून व्यवस्था व लोकशांति में व्यवधान होने की पूर्ण संभावना है। ऐसे में दौसा जिले में 12 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट, बल्क मैसेज व सोशल मीडिया सर्विसेज पर अस्थाई रूप से प्रतिबंध लगााया गया है।


अतिरिक्त जिला कलक्टर रामखिलाड़ी मीना ने बताया कि रीट परीक्षा के लिए दौसा में कुल 65 केन्द्रों पर 21504, नांगल राजावतान में एक केन्द्र पर 408, लालसोट में 15 केन्द्रों पर 5764, बांदीकुई में 18 केन्द्रों पर 6906 तथा महुवा में 8 केन्द्रों पर 4137 परीक्षार्थी रीट देंगे। विभिन्न जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए शहर को कलस्टर में विभाजित कर अस्थाई रीट बस स्टैण्ड बनाए गए हैं। जहां से रोडवेज और निजी बसों का संचालन किया जा रहा है।

रीट के प्रभारी जिला समन्वयक महेशचंद मीना व डॉ. विपुल कुमार परेवा ने बताया कि प्रत्येक पारी में 38 हजार 719 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें से दौसा के 11 हजार 718 परीक्षार्थी होंगे तथा शेष प्रदेश के अन्य जिलों से आएंगे। लेवल द्वितीय (कक्षा 6 से 8) का परीक्षा समय सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक तथा लेवल प्रथम (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा समय से एक घंटे पूर्व परीक्षार्थी केन्द्र में प्रवेश कर सकेंगे। प्रथम पारी में सुबह 9.30 बजे तथा द्वितीय पारी में दोपहर 2 बजे बाद परीक्षा केन्द्र में प्रवेशाज्ञा नहीं दी जाएगी। उपखण्ड मुख्यालय पर प्रश्न पत्र भेजने के लिए पेपर कॉर्डिनेटर भी लगाए गए हैं। केन्द्राधीक्षक व अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक, ऑब्जर्वर आदि लगा दिए गए हैं। पीजी कॉलेज बालिका हॉस्टल में परीक्षा सामग्री संग्रहण केन्द्र बनाया है।


जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक घनश्याम मीना ने बताया कि सभी केन्द्रों पर वीक्षक लगा दिए गए हैं। 3 बार रेंडमाइजेशन कर केन्द्र आवंटित किए गए हैं। अब कक्ष भी सेंटर पर रेंडमाइजेशन से अलॉट किए जाएंगे। इससे किसी तरह की मिलीभगत की आशंका नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि सुबह 5 बजे से कोष कार्यालय से प्रश्न-पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके लिए 26 वाहन लगाए गए हैं। प्रत्येक कार्य की वीडियोग्राफी होगी। गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

सहायता केन्द्र स्थापित
प्रशासन ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड सहित अन्य जगह परीक्षार्थियों के लिए सहायता केन्द्र स्थापित किए हैं। इन पर कर्मचारी रहने-खाने, केन्द्र का पता सहित अन्य जानकारियां उपलब्ध करा रहे हैं।

फैक्ट फाइल
जिले में परीक्षा केन्द्र -107

प्रत्येक पारी में परीक्षार्थी- 38 हजार 719
परीक्षा में वीक्षक- 3 हजार से अधिक

उडऩदस्ते-28