
पंचायतराज चुनाव दूसरा चरण: जिला परिषद व पंचायत समिति के 239 सदस्यों का भविष्य ईवीएम में कैद, 61.29 फीसदी मतदान
दौसा. जिले में पंचायतराज चुनाव के दूसरे चरण के तहत रविवार को नांगल राजावतान, लवाण, लालसोट एवं रामगढ़ पचवारा पंचायत समिति इलाकों की जिला परिषद सदस्य की 11 व पंचायत समिति सदस्य की 76 सीटों के लिए शाम तक 61.29 फीसदी मतदान हुआ। सभी बूथों पर पुलिस के पहरे के बीच मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। मतदान की रफ्तार सुबह तो धीमी रही, लेकिन दस बजे बाद मतदान ने गति पकड़ ली। शाम साढ़े पांच बजे मतदान समाप्ति के साथ ही दूसरे चरण के पंचायत समिति सदस्य पद के 213 व जिला परिषद के 26 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया।
रविवार सुबह साढ़े सात बजे से मतदान शुरू हो गया। प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं को घरों से तलाश कर मतदान कराने के लिए ला रहे थे। हालांकि मतदान का प्रतिशत कम रहने का कारण माना जा रहा है कि जो लोग बाहर रोजी-रोटी कमाने या अन्य कारणों से गए हुए हैं, उनमें से बहुत ही कम मतदाता वोट डालने आए। इधर मतदान शांतिपूर्वक कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी पीयुष समारिया, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरके मीना एवं संबंधित रिटर्निंग अधिकारी व पुलिस अधिकारी बूथों का दौरा करते रहे।
कई जगह निर्दलीयों ने भी दी टक्कर
पंचायत समिति जिला परिषद सदस्य पद के भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों को कई जगह निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी टक्कर दी। टिकट कटने के बाद बागी बन कर चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों के दलीय प्रत्याशियों के सामने मुसीबत खड़ी कर दी। कई सीटों पर सीधा तो कई जगह पर त्रिकोणात्मक मुकाबला देखा गया। वहीं जिन सीटों से पंचायत समिति प्रधान एवं जिला प्रमुख पद के दावेदार चुनाव लड़ रहे थे, वहां मुकाबला रोचक नजर आया। प्रत्याशी व उनके समर्थकों ने अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए जी-जान लगा रखी थी।
जांच के बाद प्रवेश
मतदान केन्द्रों के बाहर तैनात पुलिस जाप्ते ने मतदाताओं की जांच कर प्रवेश दिया गया। पुलिसकर्मियों ने मतदाताओं को मोबाइल फोन नहीं ले जाने दिया। मास्क लगा कर जाने पर भी जोर दिया। मतदान केन्द्रों के बाहर 200 मीटर की दूसरी तक प्रत्याशियों के समर्थकों को एकत्र नहीं होने दिया गया।
मौसम ने दिया साथ
जिले में रविवार को आकाश में बादलों की घटा छाने के कारण धूप नहीं निकली और गर्मी का असर भी कम रहा। इससे मतदाताओं को वोटिंग करने जाने में परेशानी महसूस नहीं हुई। जबकि पिछले कई दिनों से जिले में गर्मी का असर अधिक था, लेकिन मतदान दिवस पर मौसम ने साथ दिया।
यह रहा मतदान प्रतिशत
दौसा में दूसरे चरण का साढ़े 5 बजे तक मतदान 61.29 रहा।
लालसोट- 60.20
रामगढ़ पचवारा - 58.89
लवाण- 69.63
नांगलराजवतान- 59.55
Published on:
29 Aug 2021 07:07 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
