
महिला को धक्का देकर चोर भागने में सफल
बांदीकुई.बसवा. बसवा थाना क्षेत्र के धपावन कलां गांव में रात को चोर मकान से जेवरात चुराकर ले जाने लगा तो जाग होने पर महिला ने उसको पकडऩे का प्रयास किया। इसको लेकर चोर एवं महिला के बीच धक्का-मुक्की व खींचतान भी हुई, लेकिन बाद में चोर महिला को धक्का देकर भागने में कामयाब हो गया। बाद में महिला के चिल्लाने पर अन्य लोगों के जाग होने पर चोर का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर भागने में कामयाब हो गया। सूचना पर बसवा थाना पुलिस ने मय जाब्ते के मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और पीडि़त परिवार से जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार धपावन गांव के समीप खेत पर रामकरण कुम्हार मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रहता है। उसके तीनों पुत्र जयपुर कमाने के लिए गए हुए थे। महिलाएं एवं बुजुर्ग ससुर घर में सो रहे थे। इसी बीच चोर घर में घुस गए। जहां काफी देर तक बक्सों में रखा सामान खंगाल कर बिखेर दिया। बक्से में रखी चांदी की पायजेब, जंतर, सोने के कुण्डल एवं अन्य सामान सहित नकदी चुरा ली। सामान को लेकर चोर घर से निकलने लगा तो महिला जाग गई। उसने एक चोर को पकड़ लिया।
कुछ देर दोनों के बीच हाथापाई -खींचतान भी हुई, लेकिन चोर महिला को धक्का देकर अंधेरे का फायदा उठा कर भागने मे कामयाब हो गया। बताया जा रहा है कि चोरों की संख्या दो से अधिक थी। सुबह ग्रामीणों की भी काफी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। हर कोई घटना को लेकर नाराजगी जताते दिखाई दिया। हालांकि ग्रामीणों को आरोपित के बारे में कुछ सुराग भी मिले हैं।
बसवा थाना प्रभारी मुकेश चौधरी का कहना है कि इस सम्बंध में रामकरण कुम्हार ने रिपोर्ट दी है कि किसी ने उनके घर में घुस कर आभूषण एवं 38 हजार रुपए की नकदी पार कर ले गया और जाते समय बाहर सो रही पुत्रवधु के साथ छेड़छाड़ करने का भी प्रयास किया। महिला के विरोध करने व शोर मचाने पर आरोपित मौके से भागने में कामयाब हो गया। इस सम्बंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Published on:
01 Aug 2018 08:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
