
लालसोट. डिडवाना कस्बे में खेलकूद प्रतियोगिता के लिए मैदान को तैयार करते शिक्षक।
लालसोट (दौसा). कोरोना के चलते करीब दो साल से सूने पड़े स्कूली खेल मैदानों पर फिर से रौनक लौटने वाली है। कोराना काल के बाद पहली बार बड़े पैमाने पर शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं की शुरुआत जिले में बुधवार से होगी। इस बार खेल प्रतियोगिताओं को तीन समूह में बांट जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र वर्ग की प्रथम समूह की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार से 23 अक्टूबर तक लालसोट उपखण्ड के डिडवाना कस्बे के राउमावि में आयोजित होगी। इसके बाद द्वितीय समूह की प्रतियोगिताएं जिले के गुढ़ाकटला कस्बे के राउमावि में एवं दौसा के रामकरण राउमावि. में 25 से 28 अक्टूबर तक आयोजित होगी। तृतीय समूह की प्रतियोगिताएं मानपुर के राउमावि में 30 अक्टूबर से दो नवम्बर तक होगी। जबकि महुवा के राबाउमावि मेंं छात्रा वर्ग के प्रथम समूह की 20 से 23 अक्टूबर एवं द्वितीय समूह की 25 से 28 अक्टूबर तक आयोजित होगी। छात्रा वर्ग में तृतीय समूह की प्रतियोगिता मानपुर के राबाउमावि. में 30 अक्टूबर से 2 नवम्बर तक होगी। डिडवाना कस्बे के राउमावि में बुधवार से होने वाली प्रथम समूह की प्रतियोगिता मेेंं फुटबॉल, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, सॉफ्टबॉल, वॉलीबाल एवं कुश्ती की प्रतियोगिताएं होगी। जबकि टेनिस क्रिकेट, बॉल बैडमिंटन, स्पीड बॉल नेटबॉल, ताइक्वांडों, टग आफ वार, बॉक्सिंग, टेनिस वॉलीबॉल, मलखम एवं कराटे के ट्रायल होंगे। संयोजक एवं डिडवाना राउमावि के प्रचार्य मदन पारीक ने बताया कि प्रथम समूह की प्रतियोगिता के लिए गत दिनों ही संशोधित आदेश मिले हैं। तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है, खेल मैदान को तैयार किया जा रहा है। गौरतलब है कि इस बार विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन एक सत्र के बाद हो रहा है। गत वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते खेलकूद प्रतियोगिता नहीं हुई थी।
आनन-फानन में जारी हुआ कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार गत 14 अक्टूबर को ही शिक्षा विभाग के निदेशक सौरभ स्वामी ने सत्र 2021-22 की 65 वीं जिला स्तरीय राज्य स्तरीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों की 17 व19 आयु वर्ग के विद्यालय छात्र छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए कार्यक्रम जारी किया है। पूर्व में जिले में प्रथम चरण की प्रतियोगिता लालसोट के अशोक शर्मा राउमावि मेें होनी थी, लेकिन दौसा जिला शिक्षा अधिकारी ने संशोधित कार्र्यक्रम जारी करते हुए प्रथम चरण की मेजबानी डिडवाना के राउमावि को सौंप दी। जहां मात्र चार- दिनों केे अंतराल में प्रतियोगिता का कोरोना गाइड लाइन के बीच सफल आयोजन एक बड़ी चुनौती रहेगा।
विभागीय आदेशों की होगी पालना
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोविंदनारायण माली ने बताया कि गत वर्ष कोरोनाकाल के चलते प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं हो सका था। प्राइमरी व मिडिल सेटअप का कलेण्डर जारी नहीं हुआ है। विभाग के आदेशों की पालना करते हुए प्रतियोगिता का आयोजन कोरोना गाइड लाइन के तहत होगा।
Published on:
20 Oct 2021 09:55 am
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
