
राजमार्ग पर एक साथ भिड़े तीन वाहन, तीन जनों की मौत
सिकंदरा.(दौसा). सिकंदरा के समीप कैलाई गांव में जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात को हुई दुर्घटना में तीन वाहन आपस में भिड़ गए। इससे तीन जनों की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक व खलासी का शव केबिन में फंस गया। जिसे पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इस दौरान करीब एक घंटे तक राजमार्ग पर वाहनों को एक ही लेन से निकाला गया।
पुलिस के अनुसार देर रात को हाइवे पर दौसा से सिकंदरा की ओर जा रहे तेल के टैंकर ने पिकअप को बचाने के चक्कर में अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रहा ट्रेलर टैंकर से जा भिड़ा। हादसे में पिकअप भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर से भिडऩे के बाद ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेलर की केबिन में चालक व खलासी फंस गए।
इस दौरान ट्रेलर चालक रामराज (21) पुत्र नारायण गुर्जर निवासी सूरजपुरा, थाना भिनाय, अजमेर व खलासी लालाराम (40) पुत्र गंगाराम गुर्जर धातोल, थाना भिनाय, अजमेर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पिकअप चालक फरीद खान (55) पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी कच्ची बस्ती, शास्त्री नगर, जयपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने फरीद को भी मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पर पहुंची सिकंदरा थाना पुलिस व हाइवे टोल कंपनी पेट्रोलिंग स्टाफ ने चालक व खलासी के शव को क्रेन की सहायता से बाहर निकाला। इस दौरान राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना कर शवों को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार दोपहर बाद परिजनों के पहुंचने पर शवों का पोस्टमार्टम कर सुपुर्द कर दिया है।
Published on:
18 Dec 2020 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
