6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस की टक्कर के बाद ट्रैक्टर में लगी आग, चालक की जलकर मौत

- दौसा में सिविल लाइंस के समीप हादसा

2 min read
Google source verification
बस की टक्कर के बाद ट्रैक्टर  में लगी आग, चालक की जलकर मौत

दौसा. नेशनल हाईवे 21सिविल लाइन के समीप पलटा ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबा युवक

दौसा. राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर सिविल लाइंस के समीप एक सवारी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ंत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर पलट गया और उसमें आग लग गई। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक की जलकर मौत हो गई।
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि हादसे को लेकर मृतक मथुरेश पुत्र रामस्वरूप मीना निवासी डोबल्या पापड़दा के चचेरे भाई छगनलाल ने मामला दर्ज कराया है।

इसमें बताया कि मथुरेश टै्रक्टर-ट्रॉली से कलक्ट्रेट चौराहे से सैंथल मोड़ की तरफ जा रहा था। पीछे से लापरवाही व तेजगति से चलाकर स्लीपर कोच बस ने टक्कर मार दी। इससे टै्रक्टर पलट गया तथा मथुरेश नीचे दब गया। अचानक टै्रक्टर में आग लग गई और चालक की जलने से मौत हो गई।
हादसे की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। सदर और कोतवाली थाना पुलिस तथा दमकल मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर के नीचे दबे व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जेसीबी को बुलाया। करीब 1 घंटे बाद पहुंची जेसीबी ने ट्रैक्टर के नीचे फंसे व्यक्ति के जले शव को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, हादसे के बाद नेशनल हाइवे 21 पर करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम के दौरान एक कार रॉन्ग साइड जा रही थी तो वह भी एक ट्रक से भिड़ गई। इसके चलते कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।


तीन वाहन भिड़े
मेहंदीपुर बालाजी. थाना अंतर्गत नेशनल हाइवे 21 पर ठीकरिया चौराहे के समीप तीन वाहन आपस में भिड़ गए।इससे तीन जने घायल हो गए। एक जने को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में दौसा रैफर किया गया। एएसआई अनूप सिंह ने बताया कि ठीकरिया मोड़ के समीप ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। ट्रक से टकराकर कार वहां से गुजर रही बाइक से जा भिड़ी। इससे बाइक पर सवार देवी सिंह राजपूत निवासी महुवा, तेजराम निवासी बड़ागांव पूदरपाड़ा व कार चालक प्रमोद घायल हो गया। पुलिस ने सभी घायलों को सिकराय अस्पताल में भर्ती कराया।