दौसा. कोरोना संक्रमण रोकने के लिए राज्य सरकार के आदेश के बाद जिले के अंदर दूसरे जिलों से आने वाले रास्तों की सीमाओं पर सोमवार से पुलिस पहरा लगा दिया गया। हालांकि सुबह के समय पुलिस की सुस्ती से वाहन आसानी से आ-जा रहे थे, लेकिन दस बजे बाद से पुलिस टीमों ने पहुंचकर पूछताछ शुरू कर दी।
जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनिवाल ने बताया कि दूसरे जिलों से आने वाले लोगों से कड़ाई से पूछताछ करने के बाद ही दौसा जिले की सीमा में प्रवेश करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न थाना इलाकों में दौसा जिले की सीमाओं पर 13 चैक पोस्ट बनाई गई है। इन पर चौबीस घंटे पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा, ताकि दूसरे राज्य या जिलों से कोरोना संक्रमित व्यक्ति दौसा जिले में प्रवेश नहीं कर पाए। सदर थाना इलाके में भण्डाना के समीप, लवाण पुलिस थाना इलाके से जयपुर की सीमा में जाने वाले मार्ग, मण्डावर, महुवा, लालसोट, मण्डावरी पुलिस थानों में चैक पोस्ट बनाई गई है। इन पर सोमवार को बाहर से आने वाले लोगों से पूछताछ की गई तो लोगों की मुश्किल बढ़ गई। सदर थाना प्रभारी बनवारी लाल मीना ने बताया कि भण्डाना सीमा पर तीन पारियों में नाके पर पुलिस गश्त करेगी।
चिकित्सा विभाग के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो पिछले वर्ष 1 मई से अब तक जिले में अन्य राज्यों से 6 हजार 179 लोग अब तक आ चुके हैं। वहीं अन्य जिलों से 7 हजार 698 लोग आ चुके हैं। पिछले वर्ष कुछ महीनों को बाहर से आने वाले व्यक्तियों पर पाबंदी रही और बाद में कोई पूछताछ नहीं हुई। अब बाहर से आने वाले लोगों से उनके स्वास्थ्य के प्रति पूछताछ की जाएगी।