
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एटीएम से ऑनलाइन ठगी करने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति अपने आप को बैंक अधिकारी बताकर एटीएम से रूपए की ठगी करता था। एटीएम से ऑनलाइन ठगी कर लोगों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाला सरगना लखन मंडल अंतत: पुलिस के हाथ लग गया है । झारखंड से उसे धमतरी पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट में लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि बीते 9 जून 2017 को शहर में सब्जी व्यवसायी रोशन पटेल (40) को किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपने आप को बैंक अधिकारी बताकर झांसे में ले लिया और एटीएम का कोड नंबर पूछकर उसके खाते से 36,198 रुपए की ठगी कर ली। मोबाइल में जब राशि कटने का मैसेज आया, तब ऑनलाइन ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद रोशन ने तत्काल कोतवाली थाना में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 419,420 और 66 आईटी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर आरोपी की तलाशी शुरू कर दी।
इस बीच पता चला कि ऑनलाइन ठगी का तार झारखंड से जुड़ा हुआ है। इस पर तत्काल पुलिस की एक टीम ने जामताड़ा झारखंड में दबिश दी और वहां घटना में लिप्त भागीरथी पंडित, गांधी राणा, विकास मंडल और मन्नु कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि ठग गिरोह का सगरना लखन मंडल पहले से ही जामताड़ा जिला जेल में निरूद्ध था।
एएसपी केपी चंदेल ने बताया कि चारों आरोपियों से पूछताछ के बाद सरगना को लाने दूसरी बार धमतरी पुलिस की टीम झारखंड गई। एएसआई अनिल केशरवानी और उनकी टीम न्यायालय से प्रोटक्शन वारंट लेकर लखन मंडल को धमतरी लाया। यहां उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है।
Published on:
25 Apr 2018 02:55 pm
