
पुलिस ने दर्ज किया बयान।
Dhamtari Crime News: चार बंदूकधारियों ने एक स्कूली छात्र का अपहरण (Kidnapped)कर लिया। किसी तरह वह इनके चंगुल से निकल कर एक बस चालक के साथ पुलिस थाना पहुंचा और अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने सकुशल उसे परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाशी में जुट गई है। मामला धमतरी जिले का है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना विगत बुधवार की दोपहर ढाई बजे की है। अर्जुनी(Arjuni)थानांतर्गत ग्राम भोयना में निवासी एक स्कूली छात्र के पास आकर एक कार रूकी। उसमें सवार एक युवक ने रास्ता पूछने के बहाने उसे पास बुलाया और फिर जबर्दस्ती कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। इस बीच एक युवक ने इंजेक्शन लगाकर उसे बेहोश कर दिया।
हाथ-पैर में बंधी थी रस्सी
रात करीब 10 बजे जगदलपुर (Jagdalpur) से 3 किमी पहले जब उसकी बेहोशी टूटी तो देखा कि कार में कोई नहीं है। इधर-उधर नजर दौड़ाया, तो कुछ दूरी में ढाबा नजर आया। किसी तरह हाथ-पैर में बंधी रस्सी को खोलकर वह कार से भाग निकला। एक बस को उसने हाथ देकर रोक लिया। बस में बैठते ही चालक को अपनी आपबीती सुनाई। इससे चालक, परिचालक को माजरा समझते देर नहीं लगी। वे उसे लेकर जगदलपुर थाना पहुंचे।
पुलिस ने परिजनों को किया फोन
पुलिस को उसने अपने अपहरण की पूरी जानकारी देते हुए परिजनों का नाम-पता और मोबाइल नंबर दे दिया। जगदलपुर (Jagdalpur) पुलिस का फोन आते ही बच्चे के पिता और मामा जगदलपुर गए और उसे सकुशल लेकर लौटे। उधर, परिजनों ने छात्र के गुम होने की सूचना अर्जुनी पुलिस को दे दी थी। शुक्रवार को दोपहर एक बजे अर्जुनी थाना में पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।
इस मामले में एएसपी मेघा टेंभुरकर(ASP Megha Tembhurkar) ने कहा, पुलिस बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरा को खंगाला जा रहा है।
Published on:
18 Feb 2023 02:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
