
शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन, राज्य शासन के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर पॉलीटेक्नीक कालेज में छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। उनके तेवर को देखते हुए पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया। प्राचार्य के लिखित आश्वासन के बाद वे शांत हुए।
शासकीय पॉलीटेक्नीक कालेज में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ छात्र संगठन (जोगी) ने प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे संगठन के प्रदेश सचिव उदित साहू की अगुवाई में करीब दो सौ छात्र-छात्राएं नारेबाजी करते हुए कॉलेज पहुुंचे। प्रवेश द्वार पहले से पुलिस के जवान तैनात थे । उन्होंने छात्रों को वही पर रोक लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में छात्रों ने कालेज प्रशासन तथा राज्य शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
करीब आधा घंटा तक प्रदर्शन के बाद प्राचार्य लोकेन्द्र सिंह अपने दफ्तर से मुख्य द्वार तक आए और छात्रों ज्ञापन लिया। उन्होंने लिखित में आश्वासन दिया है कि उनकी जो भी मांगें हैं, उसे पूरा किया जाएगा। इसके बाद छात्रों ने आंदोलन समाप्त किया। प्रदर्शनकारियों में उपेन्द्र ठाकुर, त्रिवेणी, भाग्य लक्ष्मी, विकास राज, खिलेन्द्र कुमार, वेदप्रकाश कुंजाम, समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे।
छात्र नेता उदित साहू ने ने बताया कि राज्य सरकार ने बालोद में पॉलीटेक्नीक कालेज खोलने की घोषणा तो कर दी है, लेकिन अब तक भवन और स्टाफ की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। बीते सत्र से बालोद का कालेज धमतरी पॉलीटेक्नीक कालेज में अभावों के बीच संचालित हो रही है।
नीलम धनकर ने बताया कि यहां इलेक्ट्रीकल, सिविल, माइनिंग और कम्प्यूटर चार ब्रांच में जूनियर-सीनियर मिलाकर करीब 350 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिसे पढ़ाने के लिए महज दो शिक्षक है। जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई, तो राज्यपाल से शिकायत करेंगे।
Published on:
11 Aug 2018, 4:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.