
SBI के तीन कर्मचारियों ने नोटबंदी से कमाए 10 लाख रुपए, जानिए कैसे
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने तीन बैंक कर्मियों को धोखाधड़ी के गिरफ्तार किया है।एसबीआई के कियोस्क बैंक में खातेदारों के लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया हैं। पुलिस के अनुसार सेंटर के तीन कर्मचारियों ने किसानों और मजदूरों का करीब 10 लाख रुपए फर्जी तरीके से निकाल लिया। पुलिस ने तीन बैंक कर्मियों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
यह मामला ग्राम कंडेल का है। अर्जुनी पुलिस ने बताया कि एसबीआई की कंडेल में कियोस्क शाखा हैं, जहां गांव के सैकड़ों लोगों ने बचत खाता खुलवाया था। शुरूआत में बैंक कर्मियों के कामकाज को देखते हुए लोगों का विश्वास बढ़ा और रोजाना लाखों रुपए का लेन-देन भी होने लगा, लेकिन नोटबंदी के समय बैंक स्टाफ की नीयत बदल गई। इस बीच पांच सौ और हजार रुपए बैंक में जमा कराने आए लोगों की राशि ही हड़प ली गई।
पुलिस ने बताया कि बैंक स्टाफ ने करीब 10 लाख रुपए निकाल लिया। बताया गया है कि कियोस्क बैंक में जब खातेदार बैलेंस पूछने या फिर पैसा निकालने जाते थे, तो स्टाफ तत्काल उनका फिंगर प्रिंट ले लेते थे। इसके कुछ देर बाद सर्वर डाउन होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया जाता था। बाद में उसके खाते से राशि निकाल ली जाती थी। यही नहीं बैंलेंस पूछने आए खातेदारों को पासबुक में कम्प्यूटर प्रिंट के बदले हस्तलिखित जानकारी देते थे। इससे खातेदारों को माजरा समझने में देर नहीं लगी।
गत दिनों इसकी शिकायत ग्रामीणों ने कलक्टर से भी की थी। पुलिस ने प्रार्थी तारांचद साहू की रिपोर्ट पर बैंक कर्मचारी मोहित सिन्हा, अनूप साहू व एक अन्य के खिलाफ धारा 420,34 के तहत जुर्म दर्ज किया है।
Published on:
15 Jun 2018 02:44 pm
