
शराब के नशे में धुत्त होकर दो युवकों ने किया ये काम, जब होश आया तो...
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सांसद आदर्श ग्राम चर्रा में स्थित देशी शराब दुकान में सोमवार को दिनदहाड़े दो युवकों ने शराब के नशे में धुत्त होकर एक नगर पंचायतकर्मी की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी। पुलिस ने हालांकि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इससे दहशत फैल गई है।
यह घटना कुरूद शहर के देशी शराब दुकान की है। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे देशी शराब दुकान में गिरधर दीवान (26) निवासी गोंड़ पारा कुरूद का कारगिल चौक में रहने वाले युवक आकाश ध्रुवंशी (27) व बबलू यादव (28) के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद काफी बढ़ गया। करीब घंटेभर तक हुए झगड़े के बाद दोनों युवकों ने मिलकर गिरधर की पिटाई शुरू कर दी।
हाथ-मुक्के, डंडे से मारने के बाद भी जब उनका जी-नहीं भरा तो पास रखे एक धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे गिरधर वहीं धराशायी हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों आरोपी युवक इतने ज्यादा उत्तेजित थे कि गिरधर के मरने के बाद भी उसे मारते रहे। इधर घटना की खबर पाते ही कुरूद टीआई प्रणाली वैद्य दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और भागने का प्रयास कर रहे आकाश ध्रुवंशी और बबलू यादव को पकड़ लिया। बताया गया है कि मृतक गिरधर दीवान नगर पंचायत में वाहन चालक के पद पर कार्यरत था। आरोपी युवकों के साथ उसकी आपसी रंजिश चल रही थी।
कुरूद टीआई, प्रणाली वैद्य ने बताया गिरधर दीवान की हत्या के आरोपी दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
उल्लेखनीय है कि सांसद आदर्श ग्राम चर्रा में जब से शराब दुकान खुली है, तब से यहां आए दिन घटनाएं हो रही है। पूर्व में ग्रामीणों ने इस शराब दुकान को हटाने के लिए आंदोलन भी किया था। सत्तापक्ष के कुछ लोगों का संरक्षण मिलने के चलते ही यहां अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। इससे कानून-व्यवस्था को भी लगातार चुनौती मिल रही है।
Updated on:
10 Jul 2018 01:27 pm
Published on:
10 Jul 2018 01:24 pm
बड़ी खबरें
View Allधमतरी
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
