
Mahtari Vandana Yojana Upate: पिछले विधानसभा चुनाव में किसान और महिलाएं जीत की बड़ी कड़ी रही। सरकार भी अपने वादे अनुसार पहले इन्हीं दो वर्ग को घोषणा के तहत लाभ देने जा रही। किसानों को 31 सौ रूपए समर्थन मूल्य अनुरूप अंतर की राशि और महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रत्येक महीने 1 हजार रूपए की राशि देगी।
अंतर की राशि 12 मार्च को देने की घोषणा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की है। वहीं महतारी वंदन योजना की राशि 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर जारी करना तय किया गया था। अचानक 6 मार्च को तिथि शासन ने तिथि स्थगित कर दी। यानी 8 मार्च को जारी होने वाली राशि आगे बढ़ा दी गई है। लगातार तिथि आगे बढ़ने से महिलाओं में मायूसी छा गई है। इधर जिलाध्यक्ष कह रहे कि 10 मार्च को राशि डलेगी।
बता दें कि महतारी वंदन योजना की राशि जारी करने को लेकर तीसरी बार तिथि बदली गई है। पहले 5 मार्च को राशि जारी होने की जानकारी शासन द्वारा दी गई। इसके बाद 7 मार्च फिर 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन लाभार्थी महिलाओं के खाते में राशि जारी करने की घोषणा की गई थी। महिलाओं को राशि कब मिलेगी फिलहाल तय नहीं हुआ है। महिला एवं बाल विकास विभाग का कहना है कि अभी 8 तारीख की तिथि आगे बढ़ा दी गई है। शासन से डेट अभी निर्धारित नहीं हुआ है।
महतारी वंदन योजना की लाभार्थी कुसुलता सोनी, द्रोपती साहू, अनुसुईयां अडिल, गौरी देवांगन, उमा पटेल ने कहा कि सरकार बार-बार राशि जारी करने की तिथि दे रही फिर बदल रही। तीन बार बदलाव हो चुका है। महिलाओं ने सोचा था कि महिला दिवस के दिन उन्हें योजना की राशि मिल जाएगी। अब यह तिथि भी आगे बढ़ गई है। सरकार राशि कब देगी कोई बता नहीं पा रहे। अब राशि जब खाते में आएगी तभी राहत की सांस लेंगे।
महतारी वंदन योजना की राशि देने के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर जिले में चार स्थानों में कार्यक्रम तय किया गया था। इनमें धमतरी में पुराना मंडी परिसर, कुरुद में पुराना मंडी परिसर, नगरी में मंडी परिसर और मगरलोड में भी कार्यक्रम तय था। शिविरों में पीएम, सीएम का संबोधन होना था। इसके बाद वर्चुअल हितग्राहियों के खाते में राशि डीबीटी की जाती। साथ ही केन्द्र की योजनाओं का भी प्रचार किया जाना था।
बताया गया है कि महतारी वंदन योजना के तहत शासकीय नौकरी में कार्यरत सहित कई ऐसी महिलाओं ने भी आवेदन किया था, जो आर्थिक रूप से सक्षम है। दावा-आपत्ति के बाद ऐसी महिलाओं ने स्वयं से महिला एवं बाल विकास विभाग को महतारी वंदन योजना से अपना नाम हटाने के लिए आवेदन किया। इसके अलावा 375 युवतियाें और पुरूषों ने आवेदन किया था, जो निरस्त हो गए।
महतारी वंदन योजना की अंतिम सूची जारी होने के बाद एक नई परेशानी सामने आ रही है। सूची में कई महिलाओं के नाम ही नहीं है, जबकि महतारी वंदन योजना की वेबसाइट में सर्च करने पर अंतिम सूची में नाम दिखा रहा है। ऐसे में उनका आवेदन रिजेक्ट हुआ या फिर नाम सूची में शामिल कर ली गई है इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अधिकारी भी निराकरण नहीं कर पा रहे हैं।
महतारी वंदन योजना का लाभ लेने लगभग 2.38 लाख महिलाओं ने आवेदन किया था। स्क्रूटनी के बाद 2 लाख 36 हजार 641 महिलाओं के नाम अंतिम सूची में शामिल किए गए। प्रत्येक के खाते में 1 हजार रूपए के हिसाब से 23.66 करोड़ रूपए जिले की महिलाओं के खाते में जारी होते।
योजना के लिए जिले के चार स्थानों में 7 मार्च को कार्यक्रम तय था, जिसे शासन ने आगे बढ़ा दी है। कार्यक्रम कब होगी, इसका आदेश अभी शासन से प्राप्त नहीं हुआ है।
जगरानी एक्का, डीपीओ
महतारी वंदन योजना के तहत राशि जारी करने में कुछ तकनीकी त्रुटियां आ रही थी, जिसके चलते कार्यक्रम को आगे बढाया गया है। 10 मार्च को डीबीटी के माध्यम से महिलाओं के खाते में राशि जारी हो जाएगी।
प्रकाश बैस, भाजपा जिलाध्यक्ष
महतारी वंदन योजना के तहत पहले महिलाओं से आवेदन मंगाया गया। अब राशि जारी करने की तिथि आई तो सरकार बार-बार तिथि आगे बढ़ा रही। साय सरकार महिलाओं को धोखा दे रही है।
शरद लोहाना, कांग्रेस जिलाध्यक्ष
Published on:
07 Mar 2024 03:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
