
धौलपुर. जिला परिषद कार्यालय।
धौलपुर. जिले में पंचायतीराज चुनाव तृतीय और चतुर्थ चरण में होंगे। चुनाव घोषणा और आचार संहिता लागू हो चुकी है और अब राजनीतिक दलों ने भी कमर कस ली है। राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उम्मीदवार की खोज शुरू कर दी है। दोनों की प्रमुख दलों में यहां भिड़ंत होने की उम्मीद है लेकिन कहीं-कहीं निकाय चुनाव की तर्ज पर बसपा का हाथी भी खेल बिगाड़ सकता है।
वर्तमान में निकाय चुनाव के परिणामों के बाद भाजपा ने फिर से दमखम लगा दिया और संयोजक और उप संयोजक विधानसभा वार नियुक्त कर दिए हैं। उधर, कांग्रेस के पर्यवेक्षक ने कार्यकर्ताओं की बैठक कर निर्देश दिए हैं। हालांकि, बैठक के दौरान निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन और धौलपुर नगर परिषद में सर्वाधिक पार्षद जीतने के बाद भी सभापति पद के लिए अपना प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारने को लेकर चर्चा का विषय रहा। उधर,आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर जिले की विभिन्न जिला परिषद वार्डों की अद्यतन मतदाता सूची में दर्ज वार्डवार मतदाताओं के आंकड़े जारी किए गए है। आंकडा़ें के अनुसार सैंपऊ पंचायत समिति के छह जिला परिषद वार्डों में कुल 1,40,740 मतदाता, बाड़ी के छह जिला परिषद वार्डों में 1,39,119, राजाखेड़ा के पांच जिला परिषद वार्डों में 1,33,319 तथा धौलपुर पंचायत समिति के पांच जिला परिषद वार्डों में 1,33,023 मतदाता दर्ज हैं। वहीं बसेड़ी के चार जिला परिषद वार्डों में 92,266 तथा सरमथुरा के तीन जिला परिषद वार्डों में 64,495 मतदाता हैं।
सैंपऊ पंचायत समिति में सर्वाधिक मतदाता
सैंपऊ पंचायत समिति अंतर्गत जिला परिषद वार्ड संख्या 13, 23, 24, 25, 26 और 27 में कुल 1 लाख 40 हजार 740 मतदाता हैं। इनमें 74,592 पुरुष तथा 66, 148 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, बसेड़ी पंचायत समिति में जिला परिषद वार्ड संख्या 1, 2, 28 और 29 में कुल 92,266 मतदाता हैं। इनमें 49,431 पुरुष और 42,835 महिला मतदाता शामिल हैं। राजाखेड़ा पंचायत समिति के जिला परिषद वार्ड संख्या 16 से 20 तक कुल 1 लाख 33 हजार 319 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 71,832 पुरुष, 61,485 महिला और 2 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं, बाड़ी पंचायत समिति अंतर्गत जिला परिषद वार्ड संख्या 6 से 11 तक कुल 1,39,119 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 76,161 पुरुष और 62,958 महिला मतदाता शामिल हैं।
धौलपुर के पांच वार्डों में 1.33 लाख मतदाता
धौलपुर पंचायत समिति के जिला परिषद वार्ड संख्या 12, 14, 15, 21 और 22 में कुल 1 लाख 33 हजार 23 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 71,086 पुरुष तथा 61,937 महिला मतदाता शामिल हैं। इसी तरह सरमथुरा पंचायत समिति के जिला परिषद वार्ड संख्या 3, 4 और 5 में कुल 64,495 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 35,234 पुरुष तथा 29,261 महिला मतदाता शामिल हैं।
Updated on:
14 Oct 2026 06:44 pm
Published on:
14 Oct 2026 06:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
