14 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dholpur: शरद महोत्सव की तैयारियों को लेकर पार्षदों की बैठक, शहर की समस्याओं पर गरमाई चर्चा

ऐतिहासिक शरद महोत्सव मेला आयोजन को लेकर पार्षदों की बैठक हुई। बैठक में मेला महोत्सव पर चर्चा होने थी लेकिन पार्षदों ने शहर में सीवरेज, जलभराव, स्ट्रीट लाइट और सफाई नहीं होने की समस्याओं को बैठक में रखा। जिस पर सभापति गिरीश कुमार गर्ग ने कहा कि समस्याओं के निपटारे के लिए लगातार कार्य हो रहा है।
3 min read
Google source verification
Dholpur news

बैठक को संबोधित करते सभापति गिरीश गर्ग

धौलपुर. नगर परिषद सभागार में शहर के ऐतिहासिक शरद महोत्सव मेला आयोजन को लेकर पार्षदों की बैठक हुई। बैठक में मेला महोत्सव पर चर्चा होने थी लेकिन पार्षदों ने शहर में सीवरेज, जलभराव, स्ट्रीट लाइट और सफाई नहीं होने की समस्याओं को बैठक में रखा। जिस पर सभापति गिरीश कुमार गर्ग ने कहा कि समस्याओं के निपटारे के लिए लगातार कार्य हो रहा है। कहा कि सीवरेज और जलभराव समेत अन्य समस्याएं बढ़ी हैं और इसके लिए बजट चाहिए, जो नहीं है। साथ ही संसाधन और स्टाफ की कमी है।

सभापति ने कहा कि नगर परिषद प्रशासन धीरे-धीरे कार्य को व्यवस्थित करने का प्रयास कर रही है, इसमें कुछ वक्त लगेगा। वहीं, आयुक्त विष्णु परमार ने पार्षद के जलभराव की समस्या उठाने पर कहा कि समस्या आजकल की नहीं है और न ही समस्याओं को सुलझाने के लिए परिषद के पास कोई जादू है, थोड़ा समय लगेगा। साथ ही बजट की आवश्यकता है। लेकिन पार्षद सभापति और आयुक्त के वक्तव्यों के बाद भी वार्डों की समस्या उठाते रहे। हालांकि, कुछ पार्षदों ने अपनी बात भी रखी। वहीं, शरद महोत्सव को भव्य स्वरूप देने की बात कही।

नगर परिषद सभापति गर्ग ने पार्षदों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शरद महोत्सव से पहले मचकुंड रोड की सफाई कराई जाएगी। सडक़ किनारे डेरा डालकर रह रहे। लोगों को हटाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मौसमी बीमारियों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए बुधवार से शहर के सभी वार्डों में सफाई और दवा छिडक़ाव अभियान शुरू करने की बात कही गई। दशहरा पर्व के आयोजन को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। 20 अक्टूबर को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक रामलीला का मंचन होगा।

फोन नहीं उठाने वाले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई

बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई और नगर परिषद कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। पार्षदों का कहना था कि समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क करने पर कई बार कर्मचारियों की ओर से फोन नहीं उठाए जाते। इस पर सभापति गिरीश गर्ग ने स्पष्ट किया कि यदि कोई कर्मचारी पार्षदों के फोन नहीं उठाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नालों की सफाई के दौरान उन्हें क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए नई मशीन लगाने पर भी विचार किया जा रहा है।

डस्ट का नहीं होगा उपयोग, एम-सेंड से कार्य

सभापति ने स्पष्ट किया कि अब कोई संवेदक डस्ट का उपयोग करता है तो भुगतान नहीं होगा। निर्माण कार्यों में डस्ट पर रोक लगा दी है। अब केवल एम-सेंड और बजरी का ही उपयोग होगा। डस्ट का निर्माण कार्य टिक नहीं पा रहा है और जल्दी से सीसी या पुलिया इत्यादि खराब हो रही हैं। अब संवदेकों को 50 फीसदी एमसेंड का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। सभापति ने कहा कि गुणवत्ता अगर खराब मिली तो फिर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही पार्षदों से कहा कि वह कार्य करने वालों के प्रति व्यवहार उचित रखें, जिससे कार्य समय पर हो। कहीं कोई शिकायत है तो उन्हें बताएं।

पुरानी नगर परिषद बिल्डिंग को मिलेगा हेरिटेज लुक

बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। पुरानी नगर परिषद बिल्डिंग को हेरिटेज लुक दिया जाएगा। फिर होटल व हेरिटेज रेस्टोरेंट शुरू करने की योजना सामने रखी गई। इसके अलावा मचकुंड रोड को सुंदर बनाने और राजाखेड़ा बाइपास पर डिवाइडर लगाने की योजना पर भी विचार.विमर्श किया गया।

शरद महोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप देने पर जोर

बैठक में पार्षदों ने कहा कि शरद महोत्सव धौलपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में आयोजन को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए नगर परिषद को विशेष प्रयास करने चाहिए। मेले की व्यवस्थाओंए साफ.सफाई और शहर के प्रमुख मार्गों की सुंदरता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गईए ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और शरद महोत्सव की पुरानी रौनक लौट सके।

उपसभापति पड़ी अलग-थलग...

बैठक के दौरान उपसभापति के लिए तय प्रोटोकॉल की पालना नहीं हुई। उपसभापति रेखा कोली एक तरफ साइड मंच पर बैठी। जबकि अन्य अधिकारी और इंजीनियर्स सभापति के आसपास बैठे नजर आए।