30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान: SHO समेत कोबरा टीम के 10 जवानों पर मर्डर की FIR, जाने क्या है मामला

बसई डांग थाना प्रभारी हीरालाल मीणा सहित थाने व कोबरा टीम के दस पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज कर किया है। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की गई है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

धौलपुर

•

image

Nakul Devarshi

•

Updated: 1 Sep 2019, 10:48 AM IST

2_1.jpeg

धौलपुर।

अवैध चम्बल रेता ला रहे युवकों और पुलिस के बीच हुई फायरिंग में दो युवकों की मौत के बाद शनिवार को क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने गुर्जर समाज की मांग मान ली। बसई डांग थाना प्रभारी हीरालाल मीणा सहित थाने व कोबरा टीम के दस पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज कर किया है। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की गई है।

वहीं घायलों को नियमानुसार मुआवजा व नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था कराने सहित लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से जांच कराने का आश्वासन दिया। घटना में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद गुर्जर समाज के लोग व परिजन शांत हुए और मोर्चरी में रखे शवों को उठाया। वहीं फोरेंसिक टीम को लेकर एएसपी राजेन्द्र सिंह वर्मा ने मौका मुआयना किया।

दूसरी ओर पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय बीजू जॉर्ज जोसफ मामले की जांच करने टीम के साथ धौलपुर पहुंचे। भरतपुर आइजी लक्ष्मण गौड़ भी धौलपुर में ही रुके रहे। इधर पुलिस ने भी आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है।

ये था मामला
बसई डांग थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम जगदीश के अड्डे के पास अवैध रूप से चम्बल रेता लेकर आ रहे ट्रैक्टर चालकों तथा पुलिस व क्यूआरटी टीम के बीच फायरिंग हो गई थी। इसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए थे। वहीं क्यूआरटी टीम के दो जवान भी घायल हो गए।

पोस्टमार्टम के बाद नहीं उठाए शव, गर्माया माहौल
दो युवकों की मौत के बाद शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। गोली लगने के कारण पुलिस ने शनिवार सुबह शवों का एक्सरे करवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। लेकिन गुर्जर नेताओं तथा परिजनों ने शव उठाने से मना कर दिया।

गुर्जर समाज के लोगों ने चिकित्सालय के पास स्थित गंगाबाई की बगीची में आगामी रणनीति पर चर्चा की। स्थिति को भांप पुलिस अधिकारियों ने सर्किट हाउस में गुर्जर नेताओं को वार्ता के लिए बुलाया।

इस दौरान भरतपुर आइजी लक्ष्मण गौड़, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा व बाड़ी विधायक गिर्राजसिंह मलिंगा ने गुर्जर समाज के प्रतिनिधिमण्डल में शामिल मास्टर जण्डेल सिंह, मुरारी घुरैया, सत्यभान सिंह गुर्जर, रामनिवास, राजेन्द्र सिंह भदियाना, रघुनाथ सिंह, महेश गुर्जर से वार्ता की। विभिन्न मांगों पर सहमति बनी। मुरारीलाल घुरैया का कहना था कि अगर मांगें नहीं मानी तो शवों का दाह संस्कार नहीं किया जाएगा।

इनका कहना है
दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा दिया है। दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गुर्जर समाज के प्रतिनिधिमण्डल की मांगों को हमारे तथा जिला प्रशासन की ओर से मान लिया गया है। घटना में जो भी पुलिसकर्मी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मृदुल कच्छावा, एसपी, धौलपुर।