
साधारण सभा की बैठक में बोलते सभापति
धौलपुर. नगर परिषद धौलपुर बोर्ड की पहली बैठक परिषद सभागार में आयोजित हुई। बैठक में पहले दिन सभी पार्षदों का सभापति और परिषद प्रशासन की ओर से माला पहना कर अभिनंदन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए सभापति गर्ग ने कहा कि आगामी दीपावली के त्योहार से पहले प्रत्येक वार्ड रोशनी से जगमग होगा और हर गली और मोहल्ल में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात्रि में रास्ते रोशन रहें। सदर में पार्षदों ने कॉलोनियों में सीवरेज और जलभराव के मुद्दे को प्रमुखता से रखा, जिस पर कहा कि इसको लेकर कार्य चल रहा है। आगामी दिनों में सुधार दिखाई देगा। वहीं, क्षतिग्रस्त सडक़ और खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर का भी मुद्दा पार्षदों ने रखा।
बैठक के दौरान सदन में 13 बिन्दुओं को लेकर एजेंडा पेश किया गया, जिस पर सभी ने एक राय से सहमति दी। उधर, सभापति गर्ग ने कहा कि इस दफा शरद मेला ठेका पर नहीं दिया जाएगा। नगर परिषद प्रशासन खुद मेले का संचालन करेगी। कहा कि इसको लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की जा रही है। सभापति ने कहा कि नगर परिषद की आय स्रोत बढ़ाने के लिए जल्द ही यूडी टैक्स कलेक्शन के लिए किसी फर्म को ठेका के जरिए कार्य सौंपा जाएगा। जिससे परिषद को समय पर राशि मिल सकेगी। वहीं, बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि नगर परिषद टाउन हॉल का किराया घटाकर 51 हजार करने का निर्णय लिया गया। अभी तक एक लाख रुपए था। बैठक के दौरान आयुक्त विष्णु परमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कर्मचारी नहीं उठाते फोन...
बैठक में दौरान पार्षद संजय शर्मा ने कहा कि नगर परिषद के जिम्मेदारी कर्मचारी फोन तक रिसीव नहीं करते हैं। मौके पर वार्ड के लोग समस्याओं को लेकर कहते हैं तो फोन करने पर फोन नहीं उठाया जाता। जिस पर सभापति ने गंभीरता से लेते हुए कहा कि इस तरह की शिकायत अगर वापस आती है तो संबंधित कार्मिक के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। पूर्व में भी इस तरह की शिकायतें मिलती रही हैं। इसी तरह पार्षद शैलेन्द्र यादव ने कहा कि ठेका पर लगे सफाई कर्मियों की हाजिरी अधिक होती है जबकि फील्ड में कम लोग दिख रहे हैं। साथ ही कचरा उठाने के लिए छोटा ट्रेक्टर-ट्रॉली समेत अन्य संसाधनों की खरीद करने की बात कही। पार्षद राहुल राना ने कहा कि जिस वार्ड में जितने सफाई कर्मी लगे हैं, वो नियमित सफाई करें, जिससे लोगों को राहत मिले। साथ ही वार्डों में संख्या बढ़ाई जाए। पार्षद आनंद मिश्रा ने कहा कि शहर में पार्किंग स्थल डवलप किए जाएं, जिससे लोग वाहन पार्किंग कर सकें।
महिला पार्षदों को भी मिले मौका
बोर्ड की पहली बैठक में महिला पार्षद मौजूद रही लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं मिल पाया। वार्ड ३७ से महिला पार्षद रामेश्वरी राना ने कहा कि वार्ड में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी और नियमित सफाई हो रही है। नगर परिषद के जिम्मेदारों को इस पर ध्यान देना चाहिए। कहा कि अगली बोर्ड बैठक में पुरुषों के बराबर ही महिला पार्षदों को अपनी बात रखने का मौका मिले। बैठक में दो महिला पार्षद छोटे बच्चों को भी साथ लेकर पहुंची और वह पूरे समय बच्चों को ही संभालने में रहीं।
सदन के वृद्ध पार्षद अजू का अभिनंदन
शहरी सरकारी के सबसे उम्रदराज पार्षद करीब ७५ वर्षीय ब्रजेन्द्र उर्फ अजू का सदन में माला पहना कर स्वागत किया गया। नवीन सदन के वह बुजुर्ग पार्षदों में से एक हैं। जबकि इस बाद चुनाव में अधिकतर युवा पार्षद अच्छी संख्या में पहुंचे हैं। इसी तरह सदन में पार्षद अनीस उर्फ अनिल को स्वागत लिए बुलाया गया तो वह भांगड़ा करते हुए पहुंचे। जिस पर सभापति ने कहा कि एक दफा और कीजिए। पार्षद अनीस का सभापति ने भी माला पहना कर अभिनंदन किया। इससे पहले भी सदन में आए तो मत्था टेक को प्रवेश किया।
शरद मेला में ऑटो एक्स-पो का भी रखें पांडाल
पार्षद अतुल भार्गव ने कहा कि शरद मेला में नई कार्यक्रमों के साथ नयापन लाने की जरुरत है। कहा कि ग्वालियर मेला की तर्ज पर स्थानीय मेला में भी ऑटो मोबाइल्स कंपनियों को आमांत्रित किया जाए और उनका अलग पांडाल हो, जिससे शहर के लोग वाहनों की खरीद से पहले यहां आसानी से जानकारी ले सकेंगे।
Updated on:
06 Oct 2026 11:06 am
Published on:
06 Oct 2026 11:06 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
