
गोद में मासूम का शव लेकर बैठे परिजन। फोटो- पत्रिका
राजाखेड़ा। राजाखेड़ा उपखंड के दिहौली थाना क्षेत्र के अतरौली गांव में घर के पास खेल रही तीन वर्षीय मासूम बालिका पिकअप की चपेट में आने से कुचल गई। परिजन बालिका को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। उधर, पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुनैना (3) पुत्री राकेश अपने घर के पास खेल रही थी। पास ही एक दुकान के बाहर एक पिकअप खड़ी थी। पिकअप चालक गांव की ही एक दुकान पर सामान लेने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान पास में खेल रही मासूम बालिका अचानक पिकअप की चपेट में आ गई। चालक ने जैसे ही वाहन को आगे बढ़ाया, बालिका पहिए के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना का अहसास होते ही चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। परिजन आनन-फानन में बालिका को लेकर राजाखेड़ा अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दिहौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और चालक को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं, बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
घर के पास हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों में इस हादसे को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन स्टार्ट करते समय आसपास ठीक से नहीं देखा, जिससे यह हादसा हो गया। मासूम बालिका होने के कारण वह वाहन की चपेट में आ गई और उसे संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया।
Updated on:
24 Mar 2026 06:20 pm
Published on:
24 Mar 2026 06:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
