डूंगरपुर। Rajasthan Assembly Election 2023 : विधानसभा चुनाव में डूंगरपुर जिला प्रशासन की ओर से नवाचार किया जा रहा है। इसके तहत जिला मुख्यालय के साथ ही सागवाड़ा नगरीय क्षेत्र में प्रमुख स्थानों पर इलेक्शन वॉच लगाई जाएगी। इसे लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने नगरपरिषद को स्थान तय करने सहित अन्य इंतजामात को लेकर निर्देश जारी किए है। इलेक्शन वॉच लगाने का मकसद आमजन को मतदान में कितना समय बचा है, इसका आभास करवाना है, ताकि तय दिन मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। इलेक्शन वॉच पर मतदान दिवस 25 नवम्बर तक का काउंटडाउन प्रदर्शित होगा। इसके साथ ही चारों विधानसभाओं में साइकिल रैली, पैदल मार्च, दिव्यांगजन रैली, दीपदान, निकालकर मतदान जागरुकता का संदेश भी घर-घर पहुंचाया जाएगा।