घर में बेटी नेहा के बर्थडे की तैयारियां चल रही थी। यह किसी पता था कि नेहा बर्थडे से पहले इस दुनिया में नहीं रहेगी। बर्थडे से पहले नेहा सहित तीन बहिने तालाब पर नहाने गई जहां डूबने से उनकी मौत हो गई।
माल बोडिगामा के तालाब में नहाने गई तीन बालिकाओं की डूबने से बुधवार को मौत हो गई। तीनों चचेरी बहनें थी। पिण्ड़ावल हाल माल बोडिगामा निवासी नेहा (10) पुत्री धुलजी मीणा, माल बोडिगामा निवासी सीया (9) पुत्री प्रवीण मीणा एवं हिमांशी (8) पुत्री गांगजी मीणा बुधवार दोपहर में घर से गांव के नया तालाब के लिए निकली थी। तीनों ही बालिकाएं दोपहर करीब तीन बजे नहाने के लिए तालाब पर गई थी, जहां तीनों ही बालिकाएं डूब गई। परिजनों तथा अन्य लोगों को पता चलने पर तालाब पर पहुंचे तथा तीनों की तलाश कर तालाब से बाहर निकाला। परिजन तीनों को माल बोडि$गामा की पीएचसी पर लेकर पहुंचे जहां से तीनों को सागवाड़ा चिकित्सालय में ले जाने को कहा। इस पर माल निवासी भरत त्रिवेदी अपनी कार में डालकर सागवाड़ा चिकित्सालय में पहुंचे। जहां शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. इस्माईल दामड़ी ने तीनों बालिकाओं की आवश्यक जांच कर तीनों बालिकाओं को मृत घोषित कर दिया। प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉ. राजाराम मीणा भी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को ढाढ़स बंधाया। इस दौरान साबला के सहायक विकास अधिकारी विष्णुकुमार मीणा भी साथ रहे। डॉ. दामड़ी ने कहा कि गर्मी का मौसम होने से तालाबों में पानी कम है तथा तालाब की मिट्टी भी दलदली हो गई हैं। ऐसे में लोगों को तालाब के पास अकेले नहीं जाने देने की सलाह दी।