
सीएम भूपेश बघेल ने कामधेनू के वैज्ञानिकों को सराहा, बोले सस्ता चारा और नस्ल संवर्धन से पशुधन होगा समृद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पशुधन की संभावनाओं को दो बातें बाधक बनाती हैं। सस्ते और पोषक चारे की उपलब्धता तथा यहां का गर्मी से भरा वातावरण, जिसकी वजह से उच्च नस्ल के मवेशी यहां अनुकूलित नहीं हो पाते। इसी वजह से हमने नस्ल संवर्धन का काम आरंभ किया है। साथ ही पशुधन के विकास के लिए गोधन न्याय योजना भी आरंभ की ताकि पशुपालन पुन: लाभ का सौदा साबित हो सके। सस्ते चारे के लिए विश्वविद्यालय पैलेट जैसे प्रयोग कर रहा है। हम रीपा के माध्यम से ग्रामीण उद्यमियों को बढ़ावा दे रहे हैं। हर रीपा में ऐसे यूनिट बनाए जाएंगे जिसमें पशुआहार बनाने की यूनिट भी हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी प्रदेश में पशुधन को लेकर अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय स्तर पर डेयरी उद्यम को बढ़ावा देने से हमारे यहां माँग और पूर्ति की स्थिति तेजी से ठीक होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए ही हमारा फोकस गोबर खरीदी पर रहा ताकि जैविक खेती की जा सके, गोबर पेंट बनाया जा सके और पशुधन के माध्यम से आर्थिक समृद्धि आए।
वासुदेव चंद्राकर के योगदान को याद किया
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वर्गीय दाऊ वासुदेव चंद्राकर के अवदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि पशुपालन के क्षेत्र में उनका कार्य मील का पत्थर रहा। डेयरी को उन्होंने आजीविका के साधन के रूप में अपनाया। उच्च नस्ल के मवेशियों का पालन किया। अविभाजित मध्यप्रदेश के दौर में उन्होंने तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा ने अंजोरा में एक बड़े कृषि मेले का आयोजन किया गया और यहां से ही कृषि और पशुपालन में नई वैज्ञानिक संभावनाओं के बारे में लोगों की जानकारी मिली।
कुलपति ने दी नवाचारों की जानकारी
इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति एनपी दक्षिणकर ने विश्वविद्यालय द्वारा किये जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुआहार पैलेट्स बनाने के अलावा हमने बिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर भी आरंभ किया है। इसके माध्यम से पशुपालक किसानों के लिए सस्ते दाम में चारा उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यद्यपि हमारी कोसली प्रजाति की गायें दूध कम देती हैं लेकिन उनकी प्रतिरोधक क्षमता बहुत अच्छी होती है। इनकी लगातार नस्ल वृद्धि करने से पशुधन के क्षेत्र में अच्छा काम होगा।
सभा में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक अरुण वोरा, देवेंद्र यादव, महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, प्रतिमा चंद्राकर, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव, लक्ष्मण चंद्राकर, कुलसचिव डा. आरके सोनवाने मौजूद रहे।
Published on:
26 Mar 2023 09:20 pm
बड़ी खबरें
View Allदुर्ग
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
