11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छत्तीसगढ़ का संचार क्रांति में जुडऩे से लेन-देन में सुरक्षा के साथ समय की भी बचत होगी

संचार क्रांति योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने शुक्रवार को रविशंकर स्टेडियम में किया।

2 min read
Google source verification
CM Raman

छत्तीसगढ़ का संचार क्रांति में जुडऩे से लेन-देन में सुरक्षा के साथ समय की भी बचत होगी

दुर्ग. संचार क्रांति योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने शुक्रवार को रविशंकर स्टेडियम में किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मोबाइल तिहार के व्यापक अर्थ में समझना होगा। देश के कई राज्यों में मोबाइल से अधिकाधिक काम हो रहे हैं, पर छत्तीसगढ़ में ज्यादा कवरेज नहीं था। इसलिए हम स्मार्ट फोन बांटने के साथ ही मोबाइल टावर भी लगवा रहे हैं। इसके बाद लोग ऑन लाइन मनी ट्रांसफर सहित स्कूल कॉलेज के फीस, बिजली और टेलीफोन बिल जमा कर सकेंगे। इससे न केवल लेनदेन सुरक्षित रहेगा बल्कि लोगों के समय की भी बचत होगी।

76 हजार 86 हितग्राहियों को डिजिटल इंडिया से जोड़ा

इस योजना के तहत सीएम ने जिले के 76 हजार 86 हितग्राहियों को डिजिटल इंडिया योजना से जोड़ा। इस दौरान उन्होंने जिले में 384 करोड़ 21 लाख 16 हजार की लागत के 104 विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 68 करोड़ 29 लाख 96 हजार की लागत के 35 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व 315 करोड़ 91 लाख 20 हजार की लागत से बनने जा रहे 69 विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

कांग्रेस ने अपने 60 साल के शासन में जिले को कुछ नहीं दिया
इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का गुणगान करते हुए कांग्रेस को भी चुनौती दी। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने 60 साल के शासन में जिले को कुछ नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाने की मांग बहुत पुरानी है। स्वयं कांग्रेस के नेता इसकी मांग करते रहे हैं पर इसका गठन नहीं कर सके। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ नारे लगाती है। कांग्रेस के पास विकास की कोई योजना नहीं है।

रायपुर और भिलाई और करीब आ जाएंगे
उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले को दो-दो विश्वविद्यालय और आईआईटी की सौगात मिली। रायपुर से भिलाई के बीच तीन बड़े फ्लाइओवर बन रहे हैं जिसका टेण्डर हो चुका है। इसके बाद रायपुर और भिलाई और करीब आ जाएंगे। दुर्ग में खेल सुविधाओं के विकास की चर्चा करते हुए पिछली बार सुआ महोत्सव पर वे यहां आए थे और तब इस स्टेडियम के उन्नयन की घोषणा की थी। उसपर काम शुरू हो गया है और प्रथम चरण के निर्माण का आज लोकार्पण भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसे कहते हैं विकास।

नारे लगाने से कुछ नहीं होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही जबकि छत्तीसगढ़ के विकास का संकल्प लेकर लौटे पीएम मोदी ने किसानों के लिए काफी काम किया। देश के इतिहास में पहली बार धान के समर्थन मूल्य में 200 रुपए का इजाफा किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि धान को भिगो भिगो कर तौलने वाले इसे नहीं समझ पाएंगे।

संचार क्रांति से गरीबों को जोडऩे का लक्ष्य
उन्होंने ने कहा कि संचार क्रांति योजना के तहत हर गरीब महिला को स्मार्ट फोन की सौगात मिलेगी। छत्तीसगढ़ की उन्नति में दुर्ग जिले का अपना योगदान है। जिले के विकास में कोई कमी नहीं की जाएगी। अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास को पहुंचाना ही हमारी सरकार का लक्ष्य है। प्रदेश में विभिन्न योजनाओं के तहत जरूरत मंदों को सहायता राशि से लेकर आवश्यक वस्तुएं भी दी जा रही हैं। इनमें मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना, भगिनी प्रसूति सहायता, मुख्यमंत्री ई-रिक्शा सहित अन्य कई योजनाएं शामिल हैं।