उन्होंने कहा कि दूसरे कार्यकाल में मोदी सरकार तेज वृद्धि पर ध्यान दे रही है। सात प्रतिशत से अधिक की वृद्धि पर। भारत ने आठ प्रतिशत की वृद्धि भी हासिल की है। यह निजी क्षेत्र और निजी उपक्रमों की अगुवाई में हासिल हुई है। कुमार ने कहा, ''अगले पांच साल के दौरान भारत एक बड़े बदलाव की दिशा में होगा। यदि यह सफल होता है, जैसा कि यह सरकार चाहती है, तो आपको एक दशक से अधिक तक ऊंची वृद्धि देखने को मिलेगी। यह वृद्धि समावेशी और सतत होगी।" कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि कुछ सुधारों मसलन नोटबंदी आदि से अर्थव्यवस्था को अधिक व्यवस्थित किया जा सका है। यह पहले से अधिक व्यवस्थित है।