
Bihar Board Exam 2025
Bihar Board Exam 2025: बिहार बोर्ड परीक्षा से जुड़ी जरुरी खबर सामने आई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 का आयोजन 1 फरवरी से शुरू होगा, जो 15 फरवरी तक चलेगा। इस संबंध में BSEB ने छात्रों के लिए ड्रेस कोड संबंधित कुछ गाइडलाइन जारी किये थे। जिसमें अब फिर से संशोधन किया गया है। पहले बोर्ड परीक्षा में जूते और मोजे पहनने पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन अब ठंड के मौसम को देखते हुए छात्रों को जूते और मोजे पहनने की अनुमति दी गई है।
बोर्ड ने एक आधिकारिक नोटिस में बताया कि पहले छात्रों को परीक्षा हॉल में जूते और मोजे पहनने से मना किया गया था, लेकिन अब मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह अनुमति दी गई है। BSEB ने यह भी कहा कि 5 फरवरी 2025 के बाद इस दिशा-निर्देश की समीक्षा की जाएगी और उसके बाद फिर से निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल यह नियम 1 तारीख से 5 तारीख तक के परीक्षा पर लागू होगा। जिसके बाद फिर से इसकी समीक्षा की जाएगी। इसका मतलब है कि 1 से 5 फरवरी तक होने वाली इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में छात्र जूते और मोजे पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकते हैं।
बिहार बोर्ड की 12वीं परीक्षा का आयोजन 1 फरवरी से 15 फरवरी तक किया जाएगा। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक। पहली शिफ्ट में परीक्षा देने वाले छात्रों को 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा, जबकि दूसरी शिफ्ट के लिए छात्रों को 1 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा को लेकर छात्र भी तैयारी में जुटे हुए हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड पहले ही जारी किये जा चुके हैं।
यह खबर भी पढ़ें:- महाकुंभ के बारे में कितना जानते हैं? बताइये इन 10 आसान सवालों के जवाब
Updated on:
30 Jan 2025, 1:54 PM IST
Published on:
30 Jan 2025, 1:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.