इधर फीस वृद्धि के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर Education News Rajasthan
निजी स्कूलों में मनमानी फीस वृद्धि के विरोध में कांग्रेस की ओर से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। शहर कांग्रेस के सभी 16 ब्लॉकों में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर तत्काल फीस कम कराए जाने की मांग की।
कांग्रेस के फीस घटाओ-बचपन बचाओ आंदोलन के तहत शहर अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कलक्ट्रेट सर्किल पर अभिभावक भी पहुंचे। इस मौके पर खाचरियावास ने कहा कि सरकार बड़े निजी स्कूलों के साथ मिलकर बड़े भ्रष्टाचार को अंजाम दे रही है, जिसका खामियाजा प्रदेश के करोड़ों बच्चों और अभिभावकों को भुगतना पड़ रहा है। निजी स्कूल मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहे हैं। जबकि महंगाई से प्रदेश की जनता पहले ही परेशान है। पेट्रोल-डीजल सहित खाने-पीने की हर चीज महंगी हो रही है।
फिर भी सरकार के आशीर्वाद से स्कूलों में फीस बढ़ाई जा रही है। जबकि अभिभावक स्कूलों के बाहर आए दिन प्रदर्शन कर विरोध दर्ज करा रहे हैं। शहर कांग्रेस के निर्देश पर कलक्ट्रेट सर्किल, एनबीसी तिराहा, सांगानेर एयरपोर्ट चौराहा, रामगंज चौपड़, जगतपुरा मैन मार्केट, मोती डूंगरी सर्किल, मालवीय नगर सत्कार शॉपिंग सेंटर, वीकेआई रोड नंबर 14, घाटगेट चौराहा, झोटवाड़ा पंचायत समिति, जोरावरसिंह गेट और शास्त्री नगर सहित कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए।