
रायपुर. राजधानी के दुर्गा कॉलेज में छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ आज मोर्चा खोल दिया। छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए आक्रोश जताया। भूख-प्यास से तड़प रहे छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ हाय-हाय के नारे लगाए। इस अवसर पर विरोध स्वरूप छात्रों ने पोहा बनाकर महाविद्यालय के छात्रों को बांटा। छात्रों का कहना था कि कैंटीन बंद कर देने से उन्हें नाश्ता करने के लिए बाहर जाना पड़ रहा है जो कि उनके लिए महंगा पड़ रहा है। बाजार से ऊंचे दर नाश्ता करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है, जो छात्रों के साथ नाइंसाफी है। कैंटीन को जल्द से जल्द खोलकर छात्रों की समस्या का निवारण किया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज प्रशासन ने ऐसा नहीं किया तो वे आगे और भी उग्र प्रदर्शन करेंगे।