
प्रतीकात्मक तस्वीर
Hydroponic Technique In Delhi Schools: एक समय था जब लोग समझते थे कि खेती-किसानी वो लोग करते हैं जो पढ़े लिखे नहीं होते। लेकिन कृषि विज्ञान की नवीन पद्धति और तकनीक ने इस सोच को गलत साबित किया है। आजकल आम किसान भी इन तकनीक की मदद से बेहतर उपज कर रहे हैं। हाइड्रोपोनिक सिस्टम भी ऐसी ही एक तकनीक है, जिसकी मदद से खेती-बागवानी का काम सरल हो जाता है। दिल्ली के सरकारी स्कूल (Delhi Government Schools) में अब छात्रों को हाइड्रोपोनिक सिस्टम के बारे में बताया जाएगा।
समग्र शिक्षा के तहत दिल्ली के 100 स्कूल में हाइड्रोपोनिक सिस्टम स्थापित होगा और कार्यशाला के जरिए विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। स्कूल में छात्र इस तकनीक को सीख पाएं इसके लिए विशेष कार्यशाला आयोजित होंगी, जिनमें नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा।
सभी स्कूल में जिलास्तर पर ऑफलाइन कार्यशाला आयोजित की जाएंगी। इसके लिए नोडल प्रभारी तैनात किए जाएंगे। शिक्षकों को अपनी कक्षा के छात्रों के साथ कार्यशाला में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल के मुखिया को हाइड्रोपोनिक सिस्टम के लिए उचित स्थान की तलाश करने के लिए कहा गया है।
हाइड्रोपोनिक सिस्टम (Hydroponic System) एक आधुनिक तकनीक है। इस तरह के खेती में अब जमीन की जरूरत नहीं है। इस पद्धति की मदद से बालू और कंकड़ों के बीच, प्लास्टिक की नालियों में पौधों को उगाना सीखा जाता है। इस तकनीक में जमीन का इस्तेमाल नहीं किया जाता है इसलिए पोषण तत्व पर अधिक महत्व दिया जाता है। इस अनुसार, हाइड्रोपोनिक सिस्टम में पौधों की ग्रोथ लिए पोषक तत्व और खनिज पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है।
Updated on:
12 Mar 2024, 4:16 PM IST
Published on:
12 Mar 2024, 4:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.