
IIT
IIT Bombay Placement 2024: ऐसे छात्र जो इंजनीयरिंग की डिग्री लेना चाहते हैं, आईआईटी उनकी पहली पसंद होती है। हर साल लाखों की संख्या में छात्र जेईई एडवांस की परीक्षा देते हैं और इसमें पास करने के लिए जान लगा देते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि एक बार आईआईटी में दाखिला मिल गया तो पढ़ाई, कैंपस, नौकरी हर मामले में करियर सेट हो जाएगी। लेकिन जब आईआईटी जैसी संस्था प्लेसमेंट और नौकरी दिलाने में विफल हो जाए तो फिर छात्र कहां जाएं?
दरअसल, एक खबर के अनुसार, इस साल IIT बॉम्बे के 36 प्रतिशत छात्रों को अभी तक नौकरी नहीं मिली है। आईआईटी बॉम्बे में प्लेसमेंट (IIT Bombay Placement) चल रहा है, जिसमें देश-विदेश की कई कंपनियों ने हिस्सा लिया। लेकिन इस प्लेसमेंट सेल में पंजीकृत 36 प्रतिशत छात्रों को अब तक नौकरी नहीं मिली है। बता दें, आईआईटी में प्लेसमेंट अभी चालू है जो मई 2024 के महीने तक चलेगी।
पिछले साल 32.8 फीसदी छात्र नौकरी पाने में असमर्थ रहे। इस वर्ष छात्रों की संख्या में 2.8 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वहीं 2,209 पंजीकृत छात्रों में से 1,485 छात्रों को प्लेसमेंट मिला है। प्लेसमेंट सेल के अधिकारियों का कहना है कि वैश्विक आर्थिक मंदी के कारण प्लेसमेंट सेल के लिए कंपनियों को बुलाना मुश्किल हो गया।
इस खबर के सामने आते ही छात्रों के बीच निराशा और चिंता ने घर कर लिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने X अकाउंट पर इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि बेरोजगारी की चपेट में अब IIT जैसे शीर्ष संस्था भी आ गए।
यह भी पढ़ें- 12वीं के बाद बनें एयर होस्टेस, होगी लाखों की कमाई
वहीं इस पूरे मामले में अब IIT ने प्रतिक्रिया दी है। आईआईटी ने कहा कि साल 2022-23 में ग्रेजुएट होने वाले छात्रों में से केवल 6.1% युवाओं को नौकरी नहीं मिली है। आईआईटी ने कहा कि हालिया खबरों में कहा जा रहा था कि आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) के 30% से अधिक छात्रों को नौकरी नहीं मिलती है, जबकि सर्वेक्षण के अनुसार सिर्फ 6.1% को ही नौकरी ढूंढनी बाकी है। IIT ने कहा सर्वे के नतीजे देखने के बाद आप खुद फैसला कर सकते हैं।
यहां आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) में कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग ब्रांच की काफी डिमांड है। यहां से हर साल 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का रिजल्ट आता है। लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है, जब इस ब्रांच के छात्रों को प्लेसमेंट नहीं मिला है।
Updated on:
7 Apr 2024, 4:00 PM IST
Published on:
7 Apr 2024, 3:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.